दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या और रेप करने के बाद आरोपी राहुल मीणा के चेहरे पर न तो कोई शिकन थी और न ही पकड़े जाने का डर। पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि मासूम छात्रा का गला घोंटने के बाद आरोपी किसी बेखौफ अपराधी की तरह दिल्ली के द्वारका में एक होटल में ऐशो-आराम कर रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल ने जो किया, उसने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया है।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कत्ल के बाद आरोपी सीधे 'आस्था कुंज' पार्क पहुंचा और वहां पीड़िता का iPhone एक डस्टबिन में फेंक दिया ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके।
इसके बाद वह द्वारका के एक होटल पहुंचा। होटल स्टाफ ने ID मांगी, तो उसने 1,500 रुपए के कमरे के लिए 2,000 रुपए दिए। पहचान पत्र न होने के कारण होटल ने 500 रुपए 'एक्स्ट्रा' लेकर उसे शरण दे दी।
कमरे में पहुंचते ही उसने सबसे पहले एक क्विक कॉमर्स ऐप से नई टी-शर्ट मंगवाई ताकि अपने कपड़े बदल सके। इसके बाद उसने अपनी भूख मिटाने के लिए होटल में चिकन करी और रोटियां ऑर्डर कीं और बड़े आराम से खाना खाया।
चोरी के फोन और इंस्टाग्राम से खुला राज
राहुल ने भागने की पूरी प्लानिंग की थी, लेकिन एक गलती उसे भारी पड़ गई।
वह उस मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा था, जो उसने अलवर में अपनी पहली वारदात यानी अपने दोस्त की बीवी का बलात्कार के दौरान चोरी किया था।
उसने होटल के वाई-फाई का इस्तेमाल किया और इंस्टाग्राम के जरिए गुड़गांव में रहने वाले अपने चचेरे भाई से बात करने लगा।
चचेरे भाई ने उससे पूछा कि वह बिना बताए दिल्ली क्यों चला गया है? तो राहुल ने उसे दिलासा देते हुए कहा, "घरवालों को बोल दे मैं ठीक हूं, जल्द ही बहुत सारे पैसों के साथ वापस आऊंगा।"
ट्रेन से भागने की थी कोशिश
आरोपी ट्रेन पकड़ने के लिए पालम रेलवे स्टेशन भी गया था, लेकिन ट्रेन छूट जाने की वजह से वह वापस होटल आ गया और वहीं छिपने की कोशिश की।
उसने पालम रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक प्राइवेट कैब बुक की थी, और ड्राइवर ने उससे 600 रुपये किराया मांगा। सुबह करीब 8:17 बजे वह स्टेशन पहुंचा, लेकिन तब तक उसकी ट्रेन छूट चुकी थी। इसके बाद उसने एक ऑटो-रिक्शा लिया और द्वारका के एक होटल पहुंचा, जहां उसने शाम 6:30 बजे तक के लिए 2,000 रुपये में कमरा बुक किया था।
पुलिस ने डिजिटल फुटप्रिंट से पकड़ा
हालांकि, दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने डिजिटल फुटप्रिंट (Instagram और IP एड्रेस) का पीछा करते हुए द्वारका के उसी होटल में धावा बोल दिया। जब पुलिस कमरे में पहुंची, तो वह भागने की फिराक में था, लेकिन टीम ने उसे धर दबोचा।
यह खुलासा बताता है कि आरोपी कितना शातिर और 'कोल्ड ब्लडेड' है, जिसे एक हत्या और दो बलात्कार की वारदातों के बाद भी भूख लग रही थी और वह ऑनलाइन शॉपिंग कर रहा था।