Delhi Schools Bomb Threat: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार (29 जनवरी) सुबह पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद कैंपस को तुरंत खाली कराया गया। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान चलाया। दिल्ली फायर सर्विस ने पुष्टि की है कि दिल्ली कैंटोनमेंट में लोरेटो कॉन्वेंट, चित्तरंजन पार्क में डॉन बॉस्को एवं आनंद निकेतन और द्वारका में कार्मेल कॉन्वेंट कैंपस को धमकी मिली है। इस बीच, लोधी एस्टेट के सरदार पटेल विद्यालय ने अपने छात्रों के माता-पिता को एक मैसेज भेजकर सुरक्षा खतरे के बारे में बताया।
ईमेल मिलते ही दिल्ली पुलिस और फायर अथॉरिटी को तुरंत जानकारी दी गई। इसके बाद लोगों को निकालने के प्रोटोकॉल और तोड़फोड़ रोकने के लिए चेकिंग शुरू की गई। एक DFS अधिकारी ने कहा, "हमारी टीमें मौके पर हैं, और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पालन किया जा रहा है। अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।" उन्होंने यह भी बताया कि सर्च ऑपरेशन जारी है।
सरदार पटेल विद्यालय प्रशासन ने माता-पिता को बताया कि सुबह सुरक्षा खतरे की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को तुरंत अलर्ट किया गया था। स्कूल ने बताया कि बम स्क्वाड टीम ने पूरे कैंपस का अच्छी तरह से निरीक्षण किया।
मैसेज में लिखा था, "हमें आपको यह बताते हुए राहत महसूस हो रही है कि परिसर को इस्तेमाल के लिए पूरी तरह से सुरक्षित घोषित कर दिया गया है। छात्रों की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सभी जरूरी प्रोटोकॉल का तुरंत और जिम्मेदारी से पालन किया गया। आज क्लासेस सामान्य रूप से चलेंगी।"
चंडीगढ़ के 26 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
एक दिन पहले बुधवार को चंडीगढ़ के 26 स्कूलों को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिले। इसके बाद छात्रों और कर्मचारियों को एहतियातन बाहर निकाला गया और पुलिस ने गहन जांच की। पुलिस ने बताया कि सभी स्थानों की गहन तलाशी के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जा रही है।
चंडीगढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवरदीप कौर ने कहा कि 26 स्कूलों को बम धमकी वाले ई-मेल मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद कंट्रोल रूम 112 को सतर्क किया गया। स्थानीय पुलिस, दमकल वाहन, एंबुलेंस तथा बम निरोधक दस्तों को संबंधित स्कूलों में भेजा गया।
उन्होंने बताया कि ये धमकी भरे ई-मेल एक ही 'जीमेल अकाउंट' से स्कूलों को भेजे गए थे, जिनकी जांच चंडीगढ़ पुलिस की साइबर टीम कर रही है। इस संबंध में सेक्टर-17 थाना में FIR दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि जिन स्कूलों को धमकी नहीं मिली, वे खुले रहे।
अधिकारी ने बताया कि धमकी वाले ई-मेल सेक्टर-25, 19, 45, 16 सहित विभिन्न इलाकों के सरकारी और निजी स्कूलों को भेजे गए थे। उन्होंने बताया कि एहतियातन छात्रों और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई और स्कूल जा रहे छात्रों को वापस घर भेज दिया गया।