दिल्ली में मौसम इन दिनों लगातार अपना रंग बदलता नजर आ रहा है। कभी तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है, तो कभी ठंडी हवाएं राहत दे रही हैं। शनिवार को राजधानी में दिनभर चटक धूप खिली रही, जिससे दोपहर के समय गर्मी थोड़ी बढ़ी हुई महसूस हुई। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि ये गर्मी ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। आने वाले दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है और लोगों को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
