Himachal Accident: हिमाचल के कुल्लू में 22 सवारियों से भरी ट्रैवलर गहरी खाई में गिरी, 4 लोगों की मौत, 14 घायल

Kullu Accident news: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शनिवार (4 अप्रैल) रात एक पर्यटक टेम्पो ट्रैवलर के सड़क से फिसलकर खाई में गिरने से दो महिलाओं सहित चार पर्यटकों की मौत हो गई। जबकि 14 अन्य घायल हो गए। ट्रैवलर पर कुल 22 लोग सवार थे। इनमें से 18 लोगों को बचा लिया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

अपडेटेड Apr 05, 2026 पर 8:01 AM
Story continues below Advertisement
Himachal Accident news: अधिकारियों ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में 14 लोग घायल हैं (फोटो- AI)

Himachal Accident news: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पर्यटकों से भरे एक टेंपो ट्रैवलर के शनिवार (4 अप्रैल) रात सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से दो महिलाओं समेत चार पर्यटकों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार वाहन में दो बच्चों समेत 22 लोग सवार थे। यह वाहन जालोरी दर्रे से लौट रहा था।

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, 15 किलोमीटर के मार्ग पर भुंतर की ओर उतरते समय लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन हो जाने के कारण पर्यटक वाहन फिसल गया। पुलिस ने बताया कि कम से कम 18 पर्यटकों को बचा लिया गया है। उसने बताया कि इनमें से 14 लोग घायल हैं। उन्हें बंजार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि एक यात्री की हालत गंभीर बताई गई है। चार पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस, फायर सर्विस के कर्मी और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रहे हैं। पर्यटक जीभी में एक होटल में ठहरे हुए थे जो बंजार कस्बे से करीब 10 किलोमीटर दूर है। हादसा बंजार कस्बे में हुआ।


बंजार पुलिस थाने से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे सोझा के पास हुआ जब पर्यटकों को ले जा रहा वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। पुलिस ने कहा कि छह से सात घायल यात्रियों को तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवाओं की मदद से बंजार के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। जबकि स्थानीय निवासियों की सहायता से दुर्घटना स्थल पर बचाव अभियान शुरू किया गया।

कैसे हुआ हादसा?

डिप्टी कमिश्नर अनुराग चंदर शर्मा के मुताबिक, यह हादसा गाड़ी के सड़क से नीचे गिरने के बाद हुआ। उन्होंने कहा, "पुलिस कंट्रोल रूम कुल्लू को मिली जानकारी के मुताबिक, सोझा के पास एक ट्रैवलर गाड़ी सड़क से नीचे गिरने के बाद एक्सीडेंट हो गई। गाड़ी में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 20 बड़े और दो बच्चे शामिल हैं।"

रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी देते हुए शर्मा ने कहा, "इनमें से 18 लोगों को बचा लिया गया है और इलाज के लिए CH बंजार भेज दिया गया है। अब तक चार लोगों के मरने की खबर है, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।"

ये भी पढ़ें- MP Building Collapses: मध्य प्रदेश के अनूपपुर में 4 मंजिला बिल्डिंग गिरने से दो लोगों की मौत, हादसे के वक्त जान बचाकर भागते दिखे लोग

घटना के तुरंत बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव प्रयास शुरू किया। पुलिस ने कहा कि अब तक 16 यात्रियों को बचाया गया है। उन्हें इलाज के लिए बंजार अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी यात्री पर्यटक थे, जिनकी बुकिंग कथित तौर पर दिल्ली से की गई थी। लिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।