India Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना डिप्रेशन देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बदल रहा है। इसके असर से उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ समेत 10 से अधिक राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटों पर बना वेल मार्क्ड लो प्रेशर सिस्टम डिप्रेशन में बदल गया है। यह मौसमी प्रणाली उत्तर-उत्तर-पश्चिम और उसके बाद गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के रास्ते उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगी।
