Tamil Nadu Murder: तमिलनाडु के तिरुप्पुवनम से एक अजीब घटना सामने आई है। यहां पर 21 साल के एक युवक ने, जो 52 साल की महिला के साथ रिश्ते में था, उसकी हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने शव को पत्थर से बांधकर एक पत्थर की खदान में फेंक दिया। बताया जा रहा है कि महिला शादी करने की जिद कर रही थी, जिस वजह से युवक ने इस घटना को अंजाम दिया।
मृतक महिला का नाम सरस्वती था, जो 52 साल की थी और सोट्टाथट्टी गांव की रहने वाली एक मजदूर थी। वह 11 फरवरी को काम पर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद महिला के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की।
जांच के दौरान, पुलिस ने सरस्वती के कॉल रिकॉर्ड की जांच की और पाया कि वह कूडाक्कोविल गांव के 21 साल निवासी सरवनकुमार से लगातार बातचीत कर रही थी। इसी सुराग के आधार पर, सरवनकुमार का पता लगाने के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
सरवनकुमार को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ की गई। शुरू में उसने दावा किया कि वह सरस्वती के साथ सिर्फ काम करता था और किसी भी तरह के निजी रिश्ते से इनकार किया। हालांकि, पुलिस को संदेह हुआ और उन्होंने अपनी जांच तेज कर दी, जिसके बाद आखिरकार उसने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस जांच में पता चला कि सरस्वती और सरवनकुमार दोनों एक ही निर्माण स्थल पर काम करते थे और समय के साथ उनके बीच घनिष्ठ संबंध बन गए थे। बताया जाता है कि सरस्वती उसके साथ काफी समय बिताती थी और बाद में उस पर शादी करने का दबाव डालने लगी। उम्र के अंतर और शादी के बढ़ते दबाव से परेशान होकर सरवनकुमार ने कथित तौर पर उसकी हत्या करने का फैसला किया।
घटना वाले दिन, वह सरस्वती को अपनी मोटरसाइकिल पर उलकानी के पास एक वन क्षेत्र में ले गया। शादी के मुद्दे पर दोनों के बीच बहस छिड़ गई। कहासुनी के दौरान, सरवनकुमार ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने उसके शरीर से एक पत्थर बांधकर उसे पास की एक खदान में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
उसके कबूलनामे के आधार पर, पुलिस ने लगभग 100 फीट गहरी खदान में तलाशी अभियान चलाया। गोताखोरों की सहायता से सरस्वती का शव बरामद किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कूडाक्कोविल पुलिस ने सरवनकुमार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एक 52 साल महिला की 21 साल के युवक द्वारा बेरहमी से हत्या और शव को इस तरह ठिकाने लगाने की घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है।