भारत सरकार ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर पर "गलत सूचना और फेक खबर" फैलाने के लिए पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ के X अकाउंट को ब्लॉक कर दिया है। ये एक्शन ऐसे समय लिया गया है, जब पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के संबंधों में कड़वाहट लगातार बढ़ती जा रही है। भारत ने पड़ोसी मुल्क पर कई कूटनीतिक हमले किए हैं, जबकि पाकिस्तान ने भी व्यापार बंद कर जवाबी कार्रवाई की है।
इससे पहले भारत, उसकी सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भड़काऊ और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील कंटेंट के साथ-साथ झूठे और भ्रामक बयान फैलाने के आरोप में 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल को ‘ब्लॉक’ कर दिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी थी।
अगर भारत में कोई व्यक्ति पाकिस्तान के रक्षा मंत्री के एक्स अकाउंट को ओपन करता है, तो उसे एक मैसेज दिखाई देगा, जिसमें लिखा होगा, "@KhawajaMAsif को कानूनी मांग के जवाब में भारत में ब्लॉक कर दिया गया है।"
हाल के दिनों में, आसिफ ने पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच कई चौंकाने वाले बयान और दावे किए हैं। पहलगाम हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे।
सोमवार को पाकिस्तानी मंत्री ने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए घातक आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सैन्य हमला आसन्न है।
आसिफ ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से कहा, "हमने अपनी सेना को मजबूत किया है, क्योंकि यह ऐसी चीज है, जो अब आसन्न है। इसलिए, उस स्थिति में, कुछ रणनीतिक निर्णय लिए जाने हैं, इसलिए वे निर्णय लिए गए हैं।"
पहलगाम हमले से भारत में आक्रोश फैल गया है और पूरे देश से इस्लामाबाद के खिलाफ कड़ी जवाबी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का कबूलनामा
एक ब्रिटिश न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने स्वीकार किया कि उनके देश ने कई दशकों तक आतंकवादी समूहों का समर्थन किया है।
जब उनसे आतंकवादी संगठनों को फाइनेंस और समर्थन देने के इस्लामाबाद के इतिहास के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्वीकार किया कि पाकिस्तान पश्चिम की ओर से "गंदे काम" में शामिल रहा है।
उन्होंने कहा था, "हम पिछले तीन दशकों से अमेरिका के लिए यह गंदा काम कर रहे हैं, जिसमें पश्चिमी देश और ब्रिटेन भी शामिल हैं।"