Get App

Operation Sindoor: भारतीय सेना आज 10 बजे करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस, 'ऑपरेशन सिंदूर' की देगी पूरी जानकारी

Operation Sindoor News Updates: पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकवादी ठिकानों पर सैन्य हमलों के तुरंत बाद भारत ने बुधवार को कहा कि यह अभियान 'केंद्रित और सटीक' था। भारत ने साथ ही कहा कि उसके पास पहलगाम हमले में पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों की स्पष्ट संलिप्तता की ओर इशारा करने वाले विश्वसनीय सुराग तथा सबूत हैं

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड May 07, 2025 पर 8:27 AM
Operation Sindoor: भारतीय सेना आज 10 बजे करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस, 'ऑपरेशन सिंदूर' की देगी पूरी जानकारी
Operation Sindoor : रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार देर रात 1.44 बजे एक बयान में कहा कि सैन्य हमले 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत किए गए

Indian Army Surgical Strike On Pakistan: भारतीय वायुसेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के ठिकानों को मंगलवार रात के वक्त निशाना बनाया। इनमें आतंकियों के छिपने के नौ ठिकाने शामिल हैं। इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देने के लिए भारतीय सेना बुधवार (7 मई) को सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। भारतीय वायुसेना के सटीक अभियान में निशाना बनाए गए ठिकानों में बहावलपुर का मरकज सुभान अल्लाह, तेहरा कलां का सरजल, कोटली का मरकज अब्बास और मुजफ्फराबाद का सैयदना बिलाल कैंप शामिल हैं। ये सभी ठिकाने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं।

इस अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें मुरिदके का मरकज तैयबा, बरनाला का मरकज अहले-हदीस और मुजफ्फराबाद का शवावाई नाला कैंप शामिल हैं। कोटली में मक्का राहील शाहिद और सियालकोट में मेहमूना जोया को निशाना बनाया गया। इन ठिकानों में हिजबुल मुजाहिदीन के शिविर और ट्रेनिंग केंद्र स्थित हैं।

भारत द्वारा चुने गए नौ लक्ष्यों में चार पाकिस्तान में और शेष पांच पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हैं। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना और इस देश की खुफिया एजेंसी आईएसआई अपने स्पेशल सर्विसेज ग्रुप (एसएसजी) के जरिये इन शिविरों को आतंकवादियों के प्रशिक्षण के साथ ही लॉजिस्टिक्स (परिवहन एवं आपूर्ति का काम) के लिए इस्तेमाल कर रही थी।

भारतीय वायुसेना के अभियान को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा 26 लोगों के नरसंहार के दो सप्ताह बाद "ऑपरेशन सिंदूर" के तहत अंजाम दिया गया। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात एक बजकर 44 मिनट पर एक बयान में कहा, 'भारतीय सशस्त्र बलों ने कुछ देर पहले पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के उन ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत अभियान शुरू किया जहां भारत के खिलाफ आतंकी हमलों की साजिश रची गई थी और जहां से इन हमलों के लिए निर्देश दिए गए थे।'

सब समाचार

+ और भी पढ़ें