Kashmir Pahalgam Terror Attack: केंद्र सरकार ने गुरुवार (24 अप्रैल) को एक एडवाइजरी जारी कर भारतीय नागरिकों से पाकिस्तान की यात्रा करने से बचने की सलाह दी। साथ ही पाकिस्तान में रहने वालों से जल्द से जल्द भारत लौटने का आग्रह किया गया। भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक बयान में कहा, "भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान की यात्रा करने से बचने की दृढ़ता से सलाह दी जाती है। वर्तमान में पाकिस्तान में रहने वाले भारतीय नागरिकों को भी जल्द से जल्द भारत लौटने की सलाह दी जाती है।"
यह एडवाइजरी जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भयानक आतंकवादी हमले के दो दिन बाद आई है, जिसमें 26 नागरिकों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। इस हमले के बाद भारत सरकार ने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाने की कसम खाई है। केंद्र ने सीसीएस बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी वीजा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर इस्लामाबाद के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तहत गुरुवार को पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की घोषणा की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल से रद्द कर दिए गए हैं। MEA ने कहा कि पाकिस्तानी नागरिकों को जारी मेडिकल वीजा केवल 29 अप्रैल तक वैध रहेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वीजा अवधि समाप्त होने से पहले देश छोड़ देना चाहिए। केंद्र ने भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान की यात्रा करने से बचने का परामर्श दिया और पाकिस्तान में मौजूद लोगों को जल्द से जल्द स्वदेश लौटने की सलाह दी।
पहलगाम में नृशंस आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक हुई थी। इसमें इस कायरतापूर्ण हमले के प्रति भारत के जवाबी कदमों को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही सुरक्षा बलों को सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
भारत ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए उसके साथ राजनयिक संबंधों में व्यापक कटौती, छह दशक से ज्यादा पुरानी सिंधु जल संधि स्थगित करने और अटारी चौकी को बंद किए जाने समेत कई फैसले किए थे।
इस बीच, भारत ने गुरुवार को अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, रूस, जर्मनी और कई अन्य देशों के राजनयिकों को पहलगाम आतंकवादी हमले और सीमा पार आतंकवाद से इसके संबंध के बारे में जानकारी दी। पूरे प्रकरण की जानकारी रखने वाले लोगों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने राजनयिकों को निर्दोष नागरिकों पर हुए नृशंस आतंकवादी हमले के विभिन्न पहलुओं तथा आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति से अवगत कराया। राजनयिकों को संबंधित जानकारी भारत द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ कई कदमों की घोषणा के एक दिन बाद दी गई।