केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वह उनके दिल में बसते हैं। पासवान ने यह टिप्पणी इस सवाल के जवाब में की कि उन्हें अक्सर पीएम मोदी का 'हनुमान' क्यों कहा जाता है? पासवान ने Network18 के मनीकंट्रोल, न्यूज 18 इंडिया और CNBC आवाज के सहयोग से आयोजित पावरिंग भारत शिखर सम्मेलन में बोलते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, "मेरे पीएम मेरे दिल में बसे हैं...चाहे तो मैं दिल चीर के दिखा दूंगा।"
पासवान ने कई मौकों पर प्रधानमंत्री मोदी की लीडरशिप की तारीप की है और कहा है कि वह खुद को उनसे "अविभाज्य" मानते हैं। पिछले साल अगस्त में समाचार एजेंसी PTI को दिए एक इंटव्यू में पासवान ने कहा था, "नरेंद्र मोदी के प्रति मेरा प्यार अटूट है। जब तक वह प्रधानमंत्री हैं, मैं उनसे अलग नहीं होऊंगा हूं।" इस इंटरव्यू से उनकी पार्टी और बीजेपी के बीच दरार की अफवाहों पर विराम लग गया था।
दिवंगत रामविलास पासवान के बेटे चिराग ने तब सुर्खियां बटोरीं जब पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें उनके चाचा पशुपति कुमार पारस की जगह पांच सीटें दी थीं। पासवान ने खुद अपने दिवंगत पिता के गढ़ हाजीपुर पर कब्जा कर लिया, जिससे 2019 में इस सीट पर जीत दर्ज करने वाले पारस नाराज हो गए। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी के चिराग की पीठ थपथपाना, जब चिराग ने केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब सुर्खियां बटोरीं।
गठबंधन से बाहर निकलने की अफवाहों पर पासवान ने कहा, "मैं अपने प्रधानमंत्री से अलग होने के बारे में कभी नहीं सोच सकता।" केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री ने बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों में NDA की जीत पर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि बिहार में हमें अच्छी सीटें मिलेंगी और मैं अपनी सीट भी जीतूंगा। मेरा स्ट्राइक रेट 100 प्रतिशत रहा है।"