Pahalgam Attack: जयपुर मस्जिद के पास प्रदर्शन से तनाव, 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' का पोस्टर लगाने पर BJP विधायक पर FIR, भारी पुलिसबल तैनात

BJP MLA Balmukund Acharya: जयपुर में भारतीय जनता पार्टी के फायरब्रांड विधायक बालमुकुंद आचार्य पर एक मस्जिद में समुदाय विशेष के खिलाफ नारेबाजी करने तथा पोस्टर लगाने के आरोप के बाद विवाद खड़ा हो गया। जौहरी बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात बड़ी संख्या में लोगों ने इसको लेकर प्रदर्शन किया जिससे तनाव जैसी स्थिति पैदा हो गया। हालांकि, पुलिस ने हालात को संभाल लिया

अपडेटेड Apr 26, 2025 पर 2:27 PM
Story continues below Advertisement
Kashmir Pahalgam Terror Attack: यह प्रदर्शन पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ किया जा रहा था

Kashmir Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के खिलाफ शुक्रवार (25 अप्रैल) को राजस्थान के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन हुए। जयपुर के चारदीवारी इलाके में शुक्रवार रात को जौहरी बाजार में स्थित जामा मस्जिद के बाहर कथित तौर पर 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' और कुछ अन्य आपत्तिजनक नारे लिखे विवादित पोस्टर चिपकाए जाने के बाद तनाव फैल गया। विवाद के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता और हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ FIR दर्ज की गई।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, जौहरी बाजार में जामा मस्जिद के बाहर देर रात तक चले प्रदर्शन के बाद विधायक बालमुकुंद आचार्य और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। यह प्रदर्शन पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ किया जा रहा था। मुहाना पुलिस स्टेशन के SHO उदय सिंह ने कहा, "हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है... हमारे सुरक्षा बल हर जगह तैनात हैं। स्थिति सामान्य है।"

FIR दर्ज


पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को 'हिंदुस्तान टाइम्स' को बताया कि जयपुर के हवामहल विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक बालमुकुंद के खिलाफ शुक्रवार देर रात पहलगाम आतंकवादी हमले के विरोध में एक स्थानीय मस्जिद परिसर में कथित तौर पर 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' लिखा पोस्टर लगाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

घटना के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग कथित पोस्टर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए वाल्ड सिटी इलाके में जुट गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में पांच पुलिस थानों से पुलिस बल तैनात किया गया है।

विधायक की सफाई

इस बीच, विधायक बालमुकुंद आचार्य ने इन आरोपों का खंडन किया है। विधायक ने कहा कि उन्होंने पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में हुए आतंकी हमले के विरोध में दिन में बड़ी चौपड़ पर सर्व हिंदू समाज के आह्वान पर जन आक्रोश सभा में सम्मिलित होकर मारे गए बेगुनाह लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आचार्य ने X पर पोस्ट किया कि उन्होंने पहलगाम आतंकवादी हमले के खिलाफ दिन में एक विरोध प्रदर्शन में भाग लिया था।

आचार्य ने पोस्ट कर कहा, "पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में हुए आतंकी हमले के विरोध में कल जयपुर की बड़ी चौपड़ पर सर्व हिन्दू समाज के आह्वान पर जन आक्रोश सभा में सम्मिलित होकर मारे गए बेगुनाह लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और जयपुर के बंधु भगिनी के साथ बैठकर 'पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकवाद मुर्दाबाद' के तीखे नारों से इस घटना पर विरोध प्रकट किया।"

उन्होंने कहा, "आज देश का हर नागरिक इस हमले से आक्रोशित है और आतंकियों की पनाह स्थली पाकिस्तान पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। सभा में जयपुर के हजारों लोगों ने एक साथ आकर अपना रोष व्यक्त किया।" पुलिस के अनुसार इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

क्या है मामला?

यह घटना रात करीब 8:30 बजे हुई, जब विधायक आचार्य और कई अन्य लोगों ने पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने मस्जिद परिसर में विवादित पोस्टर चिपका दिए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

इन पोस्टरों के दिखने से मुस्लिम समुदाय के सदस्यों में आक्रोश फैल गया, जिन्होंने जयपुर के सबसे प्रसिद्ध स्थल हवा महल के सामने बड़ी चौपड़ के पास विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। उन्होंने नारे लगाने शुरू कर दिए और जवाबी पोस्टर लगा दिए। इसके बाद दोनों समूहों के बीच थोड़ी कहासुनी हो गई।

तनाव बढ़ने पर कांग्रेस विधायक रफीक खान और अमीन कागजी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत करने में मदद की। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, मुस्लिम समुदाय ने आरोप लगाया कि कई प्रदर्शनकारी बिना जूते उतारे मस्जिद में घुस गए, जिससे अशांति और बढ़ गई। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

राजस्थान के कई शहरों में प्रदर्शन

हिंदू संगठनों और 'सर्व हिंदू समाज' के आह्वान पर कोटा, सीकर, झुंझुनू में बाजार आंशिक रूप से बंद रहे। बंद के आह्वान पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। सीकर में बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए फतेहपुर रोड पर फलों एवं सब्जियों के ठेलों को जबरन हटाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस के हस्तक्षेप करने पर कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों के साथ कहासुनी भी हुई।

वहीं, उदयपुर के झाड़ोल में बाजार बंद रहे और स्थानीय लोगों ने हमले के विरोध में रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारे लगाए। जैसलमेर के हनुमान चौक पर विरोध प्रदर्शन हुआ, जहां विश्व हिंदू परिषद (VHP) के सदस्यों ने घटना के विरोध में पाकिस्तान का झंडा जलाया। ठीक इसी तरह बांसवाड़ा में भी विरोध प्रदर्शन किया गया। कोटा में VHP द्वारा कराए गए बंद को बाजार संघों सहित विभिन्न संगठनों का समर्थन मिला।

ये भी पढ़ें- Pahalgam Attack: 'पाकिस्तान पहलगाम हमले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए तैयार': 26 लोगों की हत्या पर शहबाज शरीफ का बड़ा बयान

जयपुर में जुमे की नमाज के दौरान ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) नेताओं ने विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधी। एआईएमआईएम की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष लुकमान खान और अन्य नेताओं ने घटना के विरोध में काली पट्टी बांधी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।