Get App

Pawan Khera: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की पत्नी के पास भी है दो वोटर आईडी कार्ड? BJP के आरोप से हड़कंप

BJP नेता ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने ही खेमे के भीतर इन आपराधिक कृत्यों से खुद को मुक्त नहीं कर सकते। खासकर सार्वजनिक पद पाने के इच्छुक लोगों और उनके आंतरिक गुट के सदस्यों से जुड़े मामलों से। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी से इस पर जवाब देने की मांग की

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Sep 03, 2025 पर 2:15 PM
Pawan Khera: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की पत्नी के पास भी है दो वोटर आईडी कार्ड? BJP के आरोप से हड़कंप
भारतीय जनता पार्टी के इस आरोप पर कांग्रेस, पवन खेड़ा या उनकी पत्नी कोटा नीलिमा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई

Pawan Khera News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार (3 सितंबर) को आरोप लगाया कि कांग्रेस के सीनियर नेता पवन खेड़ा की पत्नी के पास भी दो वोटर आईडी कार्ड हैं। बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने ही नेताओं के बीच इस तरह के आपराधिक कृत्यों से खुद को मुक्त नहीं कर सकते। इससे पहले सत्तारूढ़ बीजेपी ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि पवन खेड़ा के पास दो मतदाता पहचान पत्र हैं। बीजेपी ने कहा कि राहुल गांधी अपनी पार्टी की वोटों की चोरी को बचाने और छिपाने के लिए बिहार में वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के इस आरोप पर कांग्रेस, खेड़ा या उनकी पत्नी कोटा नीलिमा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। बीजेपी के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने X पर लिखा, "तेलंगाना के खैरताबाद (60) विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार और पवन खेड़ा की पत्नी तथा कांग्रेस नेता कोटा नीलिमा के पास भी दो सक्रिय ईपीआईसी (मतदाता फोटो पहचान पत्र) हैं। एक खैरताबाद (तेलंगाना का विधानसभा क्षेत्र) में रजिस्टर है और दूसरा नई दिल्ली में।"

उन्होंने कहा, "अब यह बिल्कुल स्पष्ट है कि कांग्रेस नेताओं के पास कई ईपीआईसी नंबर हैं और वे एक से ज्यादा जगहों पर पंजीकृत मतदाता हैं। यह कोई संयोग नहीं है।" मालवीय ने आरोप लगाया, "'वोट चोरी' में लिप्त लोग ही आम नागरिकों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने के लिए बदनाम कर रहे हैं और हमारी संस्थाओं को कमजोर कर रहे हैं।"

बीजेपी नेता ने कहा कि राहुल गांधी अपने ही खेमे के भीतर इन आपराधिक कृत्यों से खुद को मुक्त नहीं कर सकते। खासकर सार्वजनिक पद पाने के इच्छुक लोगों और उनके आंतरिक गुट के सदस्यों से जुड़े मामलों से। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी से इस पर जवाब देने की मांग की। मालवीय ने यह भी मांग की है कि निर्वाचन आयोग इस मामले की जांच शुरू करे

राहुल गांधी ने सोमवार को दावा किया था कि उनकी पार्टी जल्द ही 'वोट चोरी' के बारे में खुलासों का एक 'हाइड्रोजन बम' लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसके बाद देश को अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे। इसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया है।

राहुल गांधी ने यह टिप्पणी बिहार में अपनी 'वोटर अधिकार यात्रा' के समापन समारोह में की। इससे कुछ दिन पहले उन्होंने दावा किया था कि कर्नाटक के एक लोकसभा क्षेत्र से संबंधित मतदाता आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि कथित तौर पर BJP के इशारे पर निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावों में धांधली की गई थी। ताकि बीजेपी को वोट चुराने और 2024 के आम चुनाव में सीट जीतने में मदद मिल सके।

'वोट चोरी' के आरोप पर नेता प्रतिपक्ष की आलोचना करते हुए मालवीय ने कहा, "राहुल गांधी ने एक प्रेस वार्ता की और बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल के ईमानदार मतदाताओं को निशाना बनाया और उन्हें बदनाम किया। यहां तक कि बिना सहमति के उनकी पहचान उजागर करके उन्हें खतरे में डाल दिया"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें