West Asia war: पीएम मोदी ने कांग्रेस को बताया 'राजनीतिक गिद्ध', मिडिल ईस्ट युद्ध का फायदा उठाने का लगाया आरोप

West Asia war: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (31 मार्च) को गुजरात में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने मुख्य विपक्षी पार्टी की तुलना "राजनीतिक गिद्ध" से की। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पश्चिम एशिया के हालात से पैदा हुई वैश्विक अस्थिरता के बीच देश में अफरा-तफरी मचाने की साजिश रच रही है

अपडेटेड Mar 31, 2026 पर 9:16 PM
Story continues below Advertisement
West Asia war: पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस की तुलना 'राजनीतिक गिद्धों' से की

West Asia war: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (31 मार्च) को कहा कि दुनिया इस समय युद्ध, अशांति और तेल की बढ़ती कीमतों का सामना कर रही है। लेकिन, भारत ने अपनी मजबूत विदेश नीति और अपने लोगों की एकजुटता के कारण इस स्थिति का मुकाबला प्रभावी ढंग से किया है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर लोगों में दहशत फैलाने का आरोप लगाया ताकि लोग पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लगा सकें। उन्होंने मुख्य विपक्षी पार्टी की तुलना 'राजनीतिक गिद्धों' से करते हुए कहा कि वह (पश्चिम एशिया युद्ध से उत्पन्न) स्थिति का राजनीतिक फायदा उठाने की फिराक में है।

पीएम मोदी ने गुजरात के वाव थराद जिले के नानी गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "ऐसे समय में जब दुनिया युद्ध, अशांति और बढ़ती ईंधन कीमतों से जूझ रही है। भारत ने अपनी मजबूत विदेश नीति और अपने लोगों की एकजुटता के कारण स्थिति को प्रभावी ढंग से संभाला है।" उन्होंने कहा कि कुछ दल, विशेषकर कांग्रेस, राष्ट्रीय एकता का समर्थन करने के बजाय दहशत और भय फैलाकर स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "आज कांग्रेस लोगों को उकसाने में व्यस्त है। राजनीतिक गिद्धों की तरह, यह (कांग्रेस) स्थिति के बिगड़ने की प्रतीक्षा कर रही है ताकि इसका फायदा उठाकर राजनीतिक बढ़त हासिल की जा सके।" प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में 10 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। लेकिन केंद्र सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि इसका बोझ आम जनता पर न पड़े।


उन्होंने कहा, "कांग्रेस देश में अफरा-तफरी का माहौल बनाना चाहती है। वह उम्मीद कर रही है कि लोग पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर कतार लगाने के लिए विवश हो जाएंगे।" PM मोदी ने कहा कि भारत रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में विश्व का अग्रणी देश बनकर उभरेगा। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम एशिया की परिस्थितियों ने हर देश को प्रभावित किया है। लेकिन भारत ने स्थिति को अच्छी तरह से संभाला है।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर अपना हमला जारी रखते हुए कहा कि वे अराजकता फैलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "भारत किसी भी संकट का सामना करने में सक्षम है। हालांकि, कांग्रेस लोगों को पेट्रोल पंप पर लंबी कतारें लगाने और अव्यवस्था फैलाने के लिए उकसाने की कोशिश कर रही है।"

ये भी पढ़ें- Video: पत्नी से अलग होने की ऐसी खुशी? तलाक की मन्नत पूरी होने पर पति ने की 9km 'दंडवत यात्रा’, माता मंदिर का वीडियो वायरल

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी अपने साथ कई चुनौतियां लेकर आई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार आने वाले दशकों के लिए टेक्नोलॉजी और ऊर्जा सुरक्षा की एक मजबूत नींव रख रही है। पीएम मोदी ने साणंद में केन्स सेमीकॉन के 'आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर' प्लांट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भारत ग्लोबल मार्केट में एक भरोसेमंद और विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता के तौर पर अपनी भूमिका को मजबूत कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।