Raebareli Accident: रायबरेली में भयानक सड़क हादसा! निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पर 8 लड़कियों को कार ने रौंदा, 4 की मौत

Raebareli Accident: रायबरेली पुलिस ने बताया कि इस हादसे में हिमांशी (23) और शालिनी (22) नाम की दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रश्मी (14) और आसमा (22) ने बाद में दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक हादसे में घायल लड़कियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है

अपडेटेड Feb 09, 2026 पर 7:50 AM
Story continues below Advertisement
Raebareli Accident: रायबरेली में तेज रफ्तार कार ने निर्माणाधीन एक्सप्रेस पर 8 लोगों को टक्कर मार दी (Photo: Representational)

Raebareli Accident: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार (8 फरवरी) को एक तेज रफ्तार कार ने आठ लोगों को टक्कर मार दी। इनमें से चार लोगों की मौत हो गई है। एक अधिकारी ने बताया कि जगतपुर थाना क्षेत्र के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में 4 युवतियों की मौत हो गई। जबकि 4 अन्य लड़कियां घायल हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे एम्स रेफर किया गया है।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा जगतपुर पुलिस थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास तब हुआ, जब कोडर गांव के निवासी चुली गांव में आयोजित सामुदायिक भोज से लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक ये लोग एक्सप्रेसवे से होकर गुजर रहे थे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ने उन्हें टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि हिमांशी (23) और शालिनी (22) नाम की दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रश्मी (14) और आसमा (22) ने बाद में दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक हादसे में रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (9), मीना (22) और रेशमा (14) घायल हुई हैं जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।


पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। यूपी पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। घटना की जानकारी होने पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर तथा पुलिस अधीक्षक (SP) रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे।

सीनियर अधिकारियों ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया, "यह दुर्घटना निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार के कारण हुई। चार लोगों की मौत हो गई है और चार अन्य घायल हो गए हैं। वाहन को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल, चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।"

हाथरस में कार की टक्कर से बच्चे की मौत

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में रविवार को कार की कथित टक्कर में एक बच्चे की मौत के बाद तनाव फैल गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मथुरा-बरेली सड़क पर ट्रैफिक को बाधित कर दिया और मुरसान पुलिस थाने पर पथराव किया। पुलिस ने बताया कि पथराव के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे मुरसान के मधेया मोहल्ले के निवासी यश कार की चपेट में आ गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि बच्चे की मौत की खबर इलाके में पहुंचते ही स्थानीय निवासियों में आक्रोश फैल गया। विरोध प्रदर्शन करते हुए मुरसान पुलिस थाना के बाहर मथुरा-बरेली सड़क पर आवागमन बाधित कर दिया।

उन्होंने बताया कि शाम को और भी भीड़ जमा हो गई और प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने पास की रेलवे पटरी से पत्थर उठाकर पुलिस थाना पर फेंके। अधिकारियों ने बताया कि कई पुलिस थानों से भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौके पर भेजे गए और कुछ समय बाद स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।

ये भी पढ़ें- UP Accident: कानपुर में रईसजादे का कहर! नशे में धूत तंबाकू कारोबारी के बेटे ने लैम्बॉर्गिनी से 6 लोगों को रौंदा, थाने में बाउंसरों का हंगामा

SP चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया गया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारी कार चालक सहित गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे। सिन्हा ने बताया कि पथराव के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब स्थिति नियंत्रण में है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।