'आर्थिक तूफान सिर पर और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे'! मेलोनी को Melody गिफ्ट करने पर राहुल गांधी ने PM मोदी पर कसा तंज

लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इसे लेकर तंज कसा है। राहुल ने X पर एक पोस्ट कर लिखा, "आर्थिक तूफान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं!" राहुल गांधी ने आगे लिखा, "किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं - PM हंसकर रील बना रहे हैं

अपडेटेड May 20, 2026 पर 2:33 PM
Story continues below Advertisement
मेलोनी को Melody गिफ्ट कर पर राहुल गांधी ने PM मोदी पर कसा तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इटली दौरे हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को ‘Melody’ टॉफी का एक पैकेट गिफ्ट किया, जो इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चाओं में है। हालांकि, अब मामला राजनीतिक गलियारों में उठ गया है, क्योंकि लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इसे लेकर तंज कसा है। राहुल ने X पर एक पोस्ट कर लिखा, "आर्थिक तूफान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं!"

राहुल गांधी ने आगे लिखा, "किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं - PM हंसकर रील बना रहे हैं, और BJP वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।"

इससे पहले इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने ‘मेलोडी’ टॉफी भेंट किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। इस हल्के-फुल्के पल ने सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं से जुड़े चर्चित ‘Melodi’ शब्द को फिर से ट्रेंड में ला दिया।


मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह कहती सुनाई दे रही हैं, “प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए एक बहुत ही अच्छी टॉफी लेकर आए हैं- मेलोडी।” उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, “उपहार के लिए धन्यवाद।”

बुधवार को अपलोड किए गए इस वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी भी नजर आते हैं और मेलोनी के ‘Melody’ टॉफी के जिक्र पर हंसते दिखाई देते हैं।

मोदी और मेलोनी के नामों के संयोजन के तौर पर ‘मेलोडी’ हैशटैग पहली बार इटली की प्रधानमंत्री ने 2023 में दुबई में आयोजित कॉप-28 सम्मेलन के दौरान गढ़ा था। इसके बाद दोनों नेताओं की वैश्विक मंचों पर हुई गर्मजोशी भरी मुलाकातों के बीच यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मेलोनी ने उस समय भी सोशल मीडिया पर मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए ‘Melodi’ हैशटैग के साथ लिखा था, “COP-28 में अच्छे दोस्त।”

प्रधानमंत्री मोदी 15 से 20 मई तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की पांच देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में मंगलवार को रोम पहुंचे।

वह इटली की प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर यहां आए हैं, जहां दोनों नेता व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

Video: मेलोनी को मेलोडी...पीएम मोदी के इस गिफ्ट पर ठठा कर हंस पड़ीं इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।