Pune Stampede: महाराष्ट्र के पुणे से इस वक्त भगदड़ की खबर सामने आ रही है। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के जश्न के दौरान पुणे जिले के शिवनेरी किले में भारी भीड़ जमा हो गई। इससे भगदड़ मच गई है। इस दौरान महिलाओं और छोटे बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए हैं। यह घटना तब हुई जब लोग इस ऐतिहासिक जगह पर त्योहार और रस्मों में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पुणे में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के जश्न के दौरान जुन्नर (पुणे) के पास स्थित शिवनेरी किले में भारी भीड़ के बीच एक रेलिंग टूट गई। इस वजह से यह भगदड़ मची।
मौके पर मौजूद SP संदीप गिल बताया कि तीन से चार लोगों को मामूली चोटें आई है। किसी को गंभीर चोट नहीं आई। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन के साथ सहयोग करने का आग्रह किया। SP मौके पर मौजूद हैं। न्यूज 18 के मुताबिक, भगदड़ में 15 से 20 लोग घायल हो गए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि यह बुधवार घटना आधी रात के बाद हुई जब शिवाजी महाराज के जन्मस्थान ऐतिहासिक किले पर भारी भीड़ जमा हो गई। हिंदवी स्वराज्य (Hindavi Swarajya) के संस्थापक की जयंती पूरे महाराष्ट्र में जोश के साथ मनाई जा रही है। पिछले सालों की तरह, राज्य भर से शिव ज्योत लिए युवा अलग-अलग संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में शिव भक्त उस जगह पर इकट्ठा हुए थे।
आधी रात से ही पूरा इलाका 'जय भवानी, जय शिवाजी' के नारों से गूंज रहा था। हालांकि, किले की कैपेसिटी से यहां अधिक लोग जमा हो गए। इस वजह से भगदड़ मच गई। रिपोर्ट के मुताबिक, अंबरखाना के नीचे के रास्ते, साथ ही हट्टी दरवाजा और गणेश दरवाजा इलाके खास तौर पर तंग हैं। हजारों भक्तों ने एक साथ इन रास्तों से गुजरने की कोशिश की।
उसी समय, बड़ी संख्या में लोग किले से नीचे उतर रहे थे। जबकि दूसरे ऊपर जाने की कोशिश कर रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, कम जगह होने और दोनों तरफ से भारी आवाजाही होने की वजह से भीड़ में कई लोगों ने एक-दूसरे को धक्का दिया। इस अफ0रा-तफरी में कई भक्त गिर गए। उन्हें चोटें आई हैं।
एसपी ग्रामीण संदीप सिंह गिल ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "ऐसी(भगदड़) कोई घना नहीं हुई...यहां शिवनेरी किले पर जो शिव जन्म स्थान है, कल से ही लोग यहां दर्शन के लिए आ रहे हैं और दर्शन रात भर जारी रहे...लोग जल्दबाजी में नीचे उतर रहे थे और उनको ऐसा करने से रोका भी गया लेकिन इस दौरान एक लड़के का पैर फिसल गया। उसके कारण 7-8 लोग सीढ़ियों पर गिर गए और उनमें से 3 लोगों को पैर में चोट लगी है। कोई भगदड़ नहीं हुई है।"
किले के ऊपर से शूट किए गए एक वीडियो में लोगों का एक झुंड शिव ज्योत और भगवा झंडे लेकर धीरे-धीरे आगे बढ़ता हुआ दिख रहा है। कुछ देर बाद कई लोग किले के टूटे-फूटे ढांचे पर चढ़कर भीड़भाड़ वाली लाइन से बचने की कोशिश करते हुए दिख रहे हैं। भीड़ से बाहर निकलने की कोशिश में कुछ लोगों को दूसरों की मदद से ऊपर चढ़ते हुए भी देखा जा सकता है। फिलहाल, सभी आलाधिकारी मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल, स्थिति कंट्रोल में है।