Get App

Tahawwur Rana India Extradition: अमेरिका से भारत लाया गया आतंकी तहव्वुर राणा, 17 साल बाद चुकता होगा 26/11 हमले का हिसाब

Tahawwur Rana India Extradition: मुंबई में 26 नवंबर 2008 में हुए आतंकी हमलों के प्रमुख आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को गुरुवार दोपहर में एक विशेष विमान से भारत लाया गया। अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट द्वारा राणा के आवेदन को खारिज किए जाने के बाद प्रत्यर्पण से बचने का उसका आखिरी प्रयास विफल हो गया था

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Apr 10, 2025 पर 3:20 PM
Tahawwur Rana India Extradition: अमेरिका से भारत लाया गया आतंकी तहव्वुर राणा, 17 साल बाद चुकता होगा 26/11 हमले का हिसाब
Tahawwur Rana India Extradition: तहव्वुर राणा हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक डेविड कोलमैन हेडली का करीबी सहयोगी है

Tahawwur Rana India Extradition: मुंबई हमलों का साजिशकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से भारत लाया जा चुका है। मुंबई में 26/11 के आतंकी हमलों की साजिश रचने का आरोपी भारत का मोस्टवांटेड तहव्वुर राणा गुरुवार (10 अप्रैल) दोपहर करीब 2:30 बजे नई दिल्ली पहुंचा। इससे एक दिन पहले ही उसे अमेरिका से एक विशेष विमान से लेकर कई एजेंसियों की भारतीय टीम रवाना हुई थी। सूत्रों ने बताया कि 64 वर्षीय राणा को दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा जाएगा। साथ ही, बताया जा रहा है कि उसे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) तुरंत गिरफ्तार कर लेगी।

एनआईए और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग की संयुक्त टीम कथित तौर पर उसे वापस लेकर आई है। अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट द्वारा राणा के आवेदन को खारिज किए जाने के बाद प्रत्यर्पण से बचने का उसका आखिरी प्रयास विफल हो गया था। राणा को झटका देते हुए एक अमेरिकी अदालत ने पहले फैसला सुनाया था कि पाकिस्तानी मूल के कनाडाई व्यवसायी को भारत प्रत्यर्पित किया जा सकता है, जहां वह पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों द्वारा 2008 में किए गए मुंबई आतंकवादी हमलों में शामिल होने के लिए वांछित है।

64 वर्षीय राणा हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ ​​दाऊद गिलानी का करीबी सहयोगी है। मुंबई आतंकी हमले के मामले में अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद आरोपों का सामना कर रहे तहव्वुर राणा की गुरुवार को संभावित पेशी से पहले दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिसर के बाहर अर्धसैनिक बलों और दिल्ली पुलिस के जवानों को तैनात किया है।

इस मामले की सुनवाई NIA जज द्वारा की जानी है। तिहाड़ जेल के अधिकारियों ने राणा की हिरासत के लिए उच्च सुरक्षा वाले वार्ड की तैयारी की पुष्टि की है। राणा को अमेरिका से दिल्ली लाने की प्रक्रिया चल रही है। भारत पहुंचने पर उसे तिहाड़ जेल में रखा जाएगा। सूत्रों ने बताया है कि तहव्वुर राणा को सबसे पहले NIA कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिर वहां से उसकी कस्टडी मिलने के बाद खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ करेंगी।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें