Telangana Road Accident: तेलंगाना में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। यहां पर रविवार रात को बाइक रेसिंग में हिस्सा लेने के दौरान एक तेज रफ्तार हयाबुसा बाइक अनियंत्रित होकर एक कार से टकरा गई, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई। बता दें कि यह घटना महबूबनगर इलाके के पलकौंडा बाईपास रोड पर हुई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो युवक - दो युवक-एक बाइक चला रहा था और दूसरा पीछे बैठा था - करीब 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चला रहे थे, तभी वे कंट्रोल खो बैठे और एक कार से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अर्शिया बेगम (30), उजेपा (7) और दो साल के अमर के रूप में हुई है।
बाइक सवार दोनों युवकों की मौत
बाइक पर सवार दोनों युवकों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक युवक की पहचान याकूब अफजल (25) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। यह पता नहीं चल पाया है कि घटना के समय बाइक कौन चला रहा था।
बताया जाता है कि हायाबुसा उन शुरुआती मोटरसाइकिलों में से एक है जिसने 300 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की थी, और एक समय यह दुनिया की सबसे तेज मोटरसाइकिलों में थी।
स्थानीय लोगों ने बाइक स्टंट को लेकर की शिकायत
स्थानीय लोगों का दावा है कि रात में बाईपास एक खतरनाक रेसिंग ट्रैक बन गया है, जहां युवाओं का ग्रुप अक्सर बाइक स्टंट करता है और स्पोर्ट्स बाइकों पर तेज रफ्तार से दौड़ लगाते हैं। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
गुस्से में आए स्थानीय लोगों ने कहा, "हर रात ये युवा तेज आवाज वाली स्पोर्ट्स बाइकों से बाईपास पर रेस लगाते हैं। वे खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाते हैं और निर्दोष लोगों की जान जोखिम में डालते हैं। हमने कई बार शिकायत की, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।"
उन्होंने मांग की है कि और जानें जाने से पहले अवैध बाइक रेसिंग को रोकने के लिए पुलिस तुरंत कार्रवाई करे।
लोगों ने पुलिस अधिकारियों से रात्रि गश्त बढ़ाने, CCTV कैमरे लगाने, स्पीड गन का इस्तेमाल करने और हाइवे पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और रेसिंग गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया है।