IAS Tina Dabi: राजस्थान में गणतंत्र दिवस 2026 समारोह के दौरान सोमवार (26 जनवरी) को एक 'चूक' को लेकर सीनियर IAS ऑफिसर और बाड़मेर की जिला कलेक्टर टीना डाबी को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा। UPSC टॉपर डाबी का बाड़मेर में आधिकारिक कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें सलामी के दौरान कुछ पलों के लिए डाबी की दिशा को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। वायरल वीडियो में जिलाधिकारी टीना डाबी कथित तौर पर झंडा फहराने के बाद गलत दिशा में मुंह करके सलामी देते हुए नजर आईं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स उन्हें ट्रोल करने लगे। यह घटना बाड़मेर जिला कलेक्ट्रेट में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान हुई। यहां जिले की कलेक्टर डाबी झंडा फहराने की रस्म की देखरेख कर रही थीं। वायरल फुटेज में उन्हें राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए और सलामी देते समय कुछ देर के लिए गलत दिशा में मुंह किए हुए देखा गया। इस दौरान पास में मौजूद एक सुरक्षाकर्मी ने तुरंत सही दिशा की ओर इशारा किया। उसके बाद डाबी ने तुरंत अपनी स्थिति ठीक की और औपचारिक सलामी पूरी की।
हालांकि, यह क्लिप सिर्फ कुछ सेकंड का था। लेकिन यह ऑनलाइन तेजी से फैल गया। इसके बाद इस पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे 'प्रोटोकॉल का उल्लंघन' बताया। उनके आलोचकों ने उन्हें ट्रोल भी किया। यूजर्स ने आलोचना करते हुए कहा गया कि राष्ट्रीय कार्यक्रमों के दौरान ऐसी गलतियां अनुचित हैं।
एक सीनियर पत्रकार ने तंज कसते हुए लिखा, "भावना देखिए, सलामी की भ्रामक भंगिमा पर मत जाइए।" एक ने लिखा, "ये हैं बाड़मेर की जिला अधिकारी टीना डाबी, जो यूपीएससी की टॉपर रह चुकी हैं। मैडम भूल गई कि झंडा फहराने के बाद किस दिशा में मुंह करके कि सैल्यूट करना है। कुछ लोग कह रहे है कि मैडम को कैमरे की आदत हो गई है इसलिए वो जिधर कैमरा देखती है उधर घूम जाती है।" हालांकि, कुल यूजर्स ने उनका बचाव भी किया।
कई लोगों ने ऑफिसर का बचाव करते हुए इस घटना को एक मामूली और मानवीय गलती बताया। कुछ लोगों ने सिक्योरिटी स्टाफ की सतर्कता की तारीफ की, जिन्होंने उन्हें आगाह किया। आलोचनाओं का जवाब देते हुए टीना डाबी ने कहा कि यह चूक अनजाने में हुई थी।
अधिकारी ने कहा कि व्यस्त शेड्यूल के दौरान थोड़ी कन्फ्यूजन की वजह से यह चूक हुई थी। उन्होंने आगे कहा कि इसे तुरंत नोटिस किया गया और ठीक कर दिया गया। ABP के अनुसार, प्रशासनिक हलकों ने इस विवाद को ज्यादातर अजरअंदाज कर दिया है। इसे एक छोटी सी पल भर की गलती बताया है। उन्होंने कहा है कि समारोह बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ा।