UP News: यूपी के बागपत और बिजनौर में कुट्टू के आटा का कहर! फलाहार खाने से ADM समेत 50 लोग बीमार

UP News: नवरात्र के दौरान बागपत और बिजनौर जिले में कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने के बाद अपर जिलाधिकारी (एडीएम-न्यायिक) शिव नारायण सिंह समेत डेढ़ दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ौत में भर्ती कराया गया है

अपडेटेड Mar 20, 2026 पर 5:04 PM
Story continues below Advertisement
UP News: बागपत और बिजनौर जिले में कुट्टू से बना फलाहार खाने से एडीएम समेत करीब 50 लोग बीमार हो गए हैं

UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत और बिजनौर जिलों में एक अपर जिलाधिकारी (ADM) समेत करीब 50 लोग कुट्टू के आटा से बना फलाहार खाने से बीमार पड़ गए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार (20 मार्च) को बताया कि नवरात्र के दौरान बागपत जिले में कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने के बाद अपर जिलाधिकारी (एडीएम-न्यायिक) शिव नारायण सिंह समेत डेढ़ दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला संयुक्त अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ौत में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार (19 मार्च) की शाम शिव नारायण सिंह, उनके सहायक कर्मचारी सतीश कश्यप तथा अन्य लोगों ने कुट्टू के आटे से बने व्यंजन का सेवन किया था। इसके कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी, बेचैनी और अन्य दिक्कतें महसूस होने लगीं। स्थिति बिगड़ने पर सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस घटना में कासिमपुर खेड़ी गांव के एक ही परिवार के 9 सदस्य, मलकपुर गांव के छह लोग तथा बावली गांव के दो लोग भी शामिल हैं, जो दूषित भोजन खाने से प्रभावित हुए। बाद में उन्‍हें इलाज की जरूरत पड़ी। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है।


खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त डीपी सिंह ने बताया कि संबंधित कुट्टू के आटे के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस दुकानदार द्वारा यह आटा बेचा गया है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संदिग्ध दुकानों से सैंपल लेकर जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बाजार में कुट्टू के मिलावटी आटे की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय और पैक्ड खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें।

ये भी पढ़ें- Zomato यूजर्स को महंगाई का झटका! फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म फीस में ₹2.40 की बढ़ोतरी, अब घर पर खाना मंगवाना पड़ेगा महंगा

उधर, बिजनौर जिले में नवरात्र के पहले दिन गुरुवार को कुट्टू का आटा से बना भोजन खाने से करीब 30 लोग उल्टी, दस्त का शिकार हो गए। मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ कौशलेन्द्र सिंह ने बताया कि मंडावली और नजीबाबाद के सिकरोड़ा, लाहक कला, मोहनपुर और खैरुल्लापुर में लगभग 30 लोग कुटटू के आटे से बना भोजन खाने के कारण उल्टी, दस्त से पीड़ित हो गए।

उन्‍होंने बताया कि अधिकतर को समीपुर अस्पताल नजीबाबाद भर्ती कराया गया। कुछ मरीजों ने निजी अस्पतालों मे भी इलाज कराया। CMO ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। खाद्य विभाग कुट्टू आटा बेचने वाली नजीबाबाद की दुकान से सैंपल लेकर जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।