Uttarakhand Crime News: उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में एक सनसनीखेज घटना में 9वीं क्लास के एक छात्र ने स्कूल के अंदर अपने एक टीचर पर कथित रूप से गोली चला दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बुधवार (20 अगस्त) को कुंडेश्वरी में निजी विद्यालय गुरु नानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अचानक छात्र ने तमंचे से अपने भौतिकी के 35 वर्षीय टीचर गगनदीप सिंह पर गोली चला दी। पुलिस का कहना है कि गनीमत रही कि गोली सिंह के कंधे में लगी जिससे उनकी जान बच गई।
डॉक्टरों ने आपरेशन करके उनकी गोली निकाल दी है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है। अचानक गोली चलने से स्कूल परिसर में चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। बच्चे चीखते-चिल्लाते भागते नजर आए।
NDTV के मुताबिक, गंगनदीप सिंह कोहली उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के निजी स्कूल में भौतिकी पढ़ाते हैं। इस हफ्ते की शुरुआत में उन्होंने अपने एक छात्र को थप्पड़ मार दिया था। पुलिस ने बताया कि बुधवार को उसी छात्र ने अपने टिफिन बॉक्स में बंदूक रखकर स्कूल लेकर आया और कोहली की पीठ में गोली मार दी।
यह घटना गुरु नानक स्कूल में हुई। गोली टीचर की पीठ से होते हुए गर्दन में जा धंसी। उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी आपातकालीन सर्जरी की गई। उनके इलाज की देखरेख कर रहे डॉ. मयंक अग्रवाल ने पुष्टि की है कि गोली सफलतापूर्वक निकाल दी गई है। उन्होंने कहा कि कोहली की हालत स्थिर है। आगे की निगरानी के लिए उन्हें ICU में शिफ्ट किए जाने की उम्मीद है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले 14 वर्षीय आरोपी छात्र को अनुशासनहीनता पर टीचर ने डांट लगाई थी और थप्पड़ मारा था। इससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। छात्र अपने लंच बॉक्स में तमंचा छिपाकर स्कूल लाया था। काशीपुर के SP अभय प्रताप सिंह ने बताया कि छात्रों से पूछताछ और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी से घटना की पुष्टि हो जाने के बाद आरोपी छात्र के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करते हुए उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी छात्र को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूछताछ में छात्र ने कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। उन्होंने बताया कि उसने हथियार के स्रोत के बारे में भी बताया है जिसके संबंध में भी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद 'पब्लिक स्कूल एसोसिएशन' ने जिले के सभी सीबीएसई बोर्ड मान्यता प्राप्त निजी पब्लिक स्कूलों को गुरुवार को बंद रखा।
मामले में आगे की जांच जारी
ऊधमसिंह नगर जिले के SP मणिकांत मिश्रा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस घटना में कानूनी प्रक्रिया के अलावा यह भी देखना होगा कि किन कारणों से 9वीं कक्षा के एक छात्र ने इस प्रकार की हरकत की।
मिश्रा ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर नजर रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के बारे में उनके परिजनों और अध्यापकों से बेहतर कोई नहीं जान सकता। उन्होंने इस संबंध में बच्चों के परिजनों और शिक्षकों से आग्रह किया कि अगर वे अपने बच्चों के व्यवहार में अचानक कोई परिवर्तन देखें तो उनकी काउंसिलिंग करें जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।