Get App

Mani Shankar Aiyar: 'विजयन केरल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे'; मणिशंकर अय्यर के दावे पर सियासी बवाल, कांग्रेस ने बयान से किया किनारा

Mani Shankar Aiyar: कांग्रेस ने रविवार (15 फरवरी) को अपने सीनियर नेता मणिशंकर अय्यर के उस बयान से खुद को अलग कर लिया जिसमें उन्होंने कहा था कि पिनराई विजयन केरल के मुख्यमंत्री के रूप में बने रहेंगे। आने वाले महीनों में केरल में विधानसभा चुनाव होने हैं

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Feb 16, 2026 पर 8:44 AM
Mani Shankar Aiyar: 'विजयन केरल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे'; मणिशंकर अय्यर के दावे पर सियासी बवाल, कांग्रेस ने बयान से किया किनारा
Mani Shankar Aiyar: कांग्रेस ने केरल के सीएम विजयन की वापसी पर मणिशंकर अय्यर की टिप्पणी को खारिज कर दिया है

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने भरोसा जताया है कि माकपा नेता पिनराई विजयन केरल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। अय्यर की ये टिप्पणी ऐसे समय में आई जब कांग्रेस केरल की सत्ता में वापसी करने की कोशिश कर रही है। आने वाले महीनों में यहां विधानसभा चुनाव होने हैं। विवाद के बाद कांग्रेस ने रविवार (15 फरवरी) को मणिशंकर अय्यर के बयान से खुद को अलग कर लिया। कांग्रेस नेता ने 'विजन 2031: विकास और लोकतंत्र' शीर्षक से आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में केरल के शीर्ष स्थान को कानूनी रूप से सुरक्षित करने के लिए आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए और इसके लिए सुझाव भी दिए।

इस सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने किया। कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार में पंचायत राज मंत्री रह चुके अय्यर ने महात्मा गांधी के भारत संबंधी दृष्टिकोण को याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता ने एक ऐसे देश की परिकल्पना की थी जहां सबसे गरीब भी देश के प्रति अपनापन महसूस करें। साथ ही राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।

उन्होंने कहा कि यह विडंबनापूर्ण लग सकता है कि इस लक्ष्य की दिशा में सबसे सराहनीय प्रगति करने वाला राज्य केरल है, जहां भारत की मार्क्सवादी-लेनिनवादी पार्टी का शासन है। अय्यर ने कहा, मुझे नहीं पता कि यह प्रशंसा है या अपमान, लेकिन मुझे इस अवसर पर अपने पार्टी सहयोगियों की अनुपस्थिति का गहरा अफसोस है क्योंकि यह एक सरकारी कार्यक्रम है और इसलिए एक राष्ट्रीय अवसर है।"

कांग्रेस नेता ने कहा कि केरल निसंदेह पंचायती राज में भारत का अग्रणी राज्य है। इसने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की अपेक्षाओं को किसी भी अन्य राज्य की तुलना में कहीं अधिक पूरा किया है। उन्होंने कहा, "हालांकि व्यवहार में पंचायती राज के मामले में केरल पहला राज्य है, लेकिन कानून के मामले में यह दूसरे स्थान पर है।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें