West Bengal Elections Live: स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा हुई और भी अभेद्य; अब 24 घंटे तैनात रहेगा कमीशन का अधिकारी
पश्चिम बंगाल में स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर जारी विवाद के बीच चुनाव आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल ने नई गाइडलाइन्स जारी की हैं। सुरक्षा व्यवस्था को अपग्रेड करने के लिए इन बड़े उपायों की घोषणा की गई है -
कमीशन अधिकारी की 24x7 तैनाती: इतिहास में पहली बार, स्ट्रॉन्ग रूम के ठीक सामने चुनाव आयोग का एक अधिकारी राउंड द क्लॉक (24 घंटे) मौजूद रहेगा। यह अधिकारी रिटर्निंग ऑफिसर (RO) या सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) की देखरेख में काम करेगा। अब तक यह जिम्मेदारी केवल पुलिस कर्मियों के पास होती थी।
एंट्री के लिए कड़े नियम: अब किसी भी व्यक्ति को स्ट्रॉन्ग रूम के पास जाने या प्रवेश करने के लिए अधिकृत अधिकारी से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
थ्री-टीयर सिक्योरिटी और फोर्स में इजाफा: केंद्रीय बलों द्वारा दी जा रही मौजूदा तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरे को और मजबूत किया जा रहा है और वहां अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की जाएगी।
भारतीय न्याय संहिता का कड़ा पालन: स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के संदर्भ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 (जो पहले धारा 144 थी) को सख्ती से लागू किया जा रहा है।