कौन हैं जस्टिस यशवंत वर्मा? दिल्ली हाई कोर्ट के जज के घर में आग लगने के बाद मिला बेहिसाब कैश, फिर हुआ ट्रांसफर

यह घटनाक्रम उस समय सामने आया जब जस्टिस वर्मा के सरकारी बंगले में आग लगने के बाद भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि जब आग लगी, तब जस्टिस वर्मा दिल्ली में नहीं थे और उनके परिवार के सदस्यों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को फोन किया

अपडेटेड Mar 21, 2025 पर 2:44 PM
Story continues below Advertisement
कौन हैं जस्टिस यशवंत वर्मा? दिल्ली हाई कोर्ट के जज के घर में आग लगने के बाद मिला भारी कैश

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा के घर से बेहिसाब कैश मिलने के बाद इलाहाबाद में उनके पेरेंट हाई कोर्ट में ट्रांसफर करने का फैसला किया है। भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस यशवंत वर्मा के ट्रांसफर की सिफारिश केंद्र सरकार से की है। जस्टिस वर्मा ने अक्टूबर 2021 में दिल्ली हाई कोर्ट के जज के रूप में शपथ ली।

यह घटनाक्रम उस समय सामने आया जब जस्टिस वर्मा के सरकारी बंगले में आग लगने के बाद भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि जब आग लगी, तब जस्टिस वर्मा दिल्ली में नहीं थे और उनके परिवार के सदस्यों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को फोन किया।

आग पर काबू पाने के बाद, सबसे पहले बचावकर्मियों को एक कमरे के अंदर भारी मात्रा में कैश मिला, जिसके बाद इस बात की आधिकारिक एंट्री की गईं कि यह बेहिसाबी पैसा था।


कौन हैं जस्टिस यशवंत वर्मा?

जस्टिस यशवंत वर्मा का जन्म 6 जनवरी 1969 को इलाहाबाद में हुआ था। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज से बीकॉम (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की और बाद में मध्य प्रदेश के रीवा यूनिवर्सिटी से LLB की डिग्री हासिल की। ​​उन्होंने 8 अगस्त 1992 को एक वकील के रूप में एनरॉल कराया।

13 अक्टूबर 2014 को उन्हें इलाहाबाद हाई कोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया और 1 फरवरी 2016 को उन्हें परमानेंट जज के रूप में प्रमोट किया गया।

इसके बाद 11 अक्टूबर, 2021 को उन्हें दिल्ली हाई कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया। हाई कोर्ट में अपने कानूनी करियर के दौरान, जस्टिस यशवंत वर्मा ने संवैधानिक कानून, श्रम और औद्योगिक विधान, कॉर्पोरेट कानून, कराधान और संबंधित क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल की।

उन्होंने 2006 से अपने प्रमोशन तक इलाहाबाद हाई कोर्ट के स्पेशल काउंसल के रूप में भी काम किया।

इसके अलावा, अदालत की ओर से सीनियर वकील के रूप में नामित किए जाने से पहले, जस्टिस वर्मा ने 2012 से अगस्त 2013 तक उत्तर प्रदेश के चीफ स्टैंडिंग काउंसल का पद संभाला था।

दिल्ली हाई कोर्ट के जज के बंगले में लगी आग, तो मिला ढेर सारा कैश, कॉलेजियम ने कर दिया ट्रांसफर

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।