नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से अब जल्द ही कमर्शियल फ्लाइट शुरू हो सकती हैं, क्योंकि फ्लाइट ऑपेशंस शुरू होने में आ रही रुकावट को अब हटा दिया गया है। NIA ने आज अपनी टॉप लीडरशिप में बड़े फेरबदल की घोषणा की है। यह बदलाव नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के उन निर्देशों के बाद किया गया है, जिसके तहत भारत में किसी भी हवाई अड्डे का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एक भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है। इसी नियम के चलते उद्घाटन के बाद भी नोएडा एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू नहीं हो पा रही थीं।
एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से क्रिस्टोफ श्नेलमैन की जगह नीतू सामरा को अंतरिम CEO नियुक्त किया है। नीतू सामरा अक्टूबर 2021 से इस प्रोजेक्ट में चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के रूप में कार्यरत हैं।
एयरपोर्ट के विकास में उनकी अहम भूमिका रही है, जहां उन्होंने वित्तीय प्रबंधन, प्रशासन और रणनीतिक योजना जैसे महत्वपूर्ण विभागों का नेतृत्व किया है।
वे तब तक इस पद पर बनी रहेंगी जब तक कि निदेशक मंडल (Board of Directors) औपचारिक चयन प्रक्रिया पूरी नहीं कर लेता।
क्रिस्टोफ श्नेलमैन की नई भूमिका
अगस्त 2020 से CEO के रूप में हवाई अड्डे का नेतृत्व कर रहे क्रिस्क्रिस्टोफ श्नेलमैन अब बोर्ड में कार्यकारी उपाध्यक्ष (Executive Vice Chairman) के रूप में शामिल होंगे। श्नेलमैन इस नई भूमिका में भी एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को अपना समर्थन देना जारी रखेंगे, खासकर तब जब एयरपोर्ट निर्माण के चरणों को पूरा कर संचालन की ओर बढ़ रहा है।
यह फेरबदल पूरी तरह से नियामक नियमों के पालन के लिए किया गया है। ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) के दिशा-निर्देशों के अनुसार, सुरक्षा और रणनीतिक कारणों से भारतीय हवाई अड्डों के शीर्ष पद (CEO) पर किसी भारतीय नागरिक का होना जरूरी है। यही कारण है कि उद्घाटन के बाद भी ये एयरपोर्ट अभी तक शुरू नहीं हो पाया।