कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी विवाद के बीच दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के बीच जुबानी जंग ने I.N.D.I.A. गठबंधन के भविष्य पर सवाल खड़ा कर दिया है। कांग्रेस से बढ़ती तनातनी के बीच अब समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव ने साफ कर दिया है कि वह I.N.D.I.A. गठबंधन के भरोसे नहीं, बल्कि PDA फॉर्मूले यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के बूते NDA की अगुवाई वाली केंद्र सरकार को हराएंगे। अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर PDA का जिक्र किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर किए गए इस पोस्ट में हालांकि, उन्होंने I.N.D.I.A. के बारे में कुछ भी उल्लेख नहीं किया है, जिससे SP के गठबंधन में बने रहने को लकर सवाल खड़े हो गए हैं।
