MP Election 2023: आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों (MP Assembly Elections) के लिए 39 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी करने के एक दिन बाद, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को एक और उम्मीदवार के नाम की घोषणा की। इसके साथ ही अब तक बीजेपी के घोषित उम्मीदवारों की संख्या 79 हो गई है। पार्टी की नई उम्मीदवार, मोनिका बट्टी (Monika Batti) हैं, जो अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी (ABGP) के पूर्व अध्यक्ष, दिवंगत मनमोहन शाह बट्टी की बेटी हैं। वह पिछले हफ्ते सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हुई थी।
मोनिका कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ के गृह जिले छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा (ST) विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। बीजेपी ने अगस्त से अब तक 39 चुनावी उम्मीदवारों की दो लिस्ट जारी की हैं।
मोनिका का BJP में शामिल होना और टिकट पाना, कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। ऐसा इसलिए क्योंकि गोंडवाना पार्टी का अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में बहुत प्रभाव है। मोनिका के पिता मनमोहन शाह बट्टी 2003 में यहां से विधायक रह चुके हैं।
230 सदस्यों वाले विधानसभा सदन के लिए चुनाव इस साल नवंबर में होने वाले हैं। अभी तक औपचारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है।
उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट में बीजेपी ने तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत सात सांसदों को मैदान में उतारा है। बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय इंदौर-1 विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को निवास (ST), प्रह्लाद सिंह पटेल को नरसिंहपुर से और नरेंद्र सिंह तोमर को दिमनी से टिकट दिया गया है।
भाजपा की तरफ से मौजूदा लोकसभा सदस्यों को टिकट देने पर प्रतिक्रिया देते हुए, एमपी कांग्रेस प्रमुख कमल नाथ ने दावा किया कि ये मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ पार्टी के हार स्वीकार करने जैसा है और उसने "झूठी उम्मीद का आखिरी दांव" खेला है।
कमलनाथ ने मंगलवार को X पर पोस्ट किया, "मध्य प्रदेश में अपने सांसदों को विधानसभा टिकट देकर बीजेपी ने साबित कर दिया है कि बीजेपी न तो 2023 के विधानसभा चुनाव में जीत रही है और न ही 2024 के लोकसभा चुनाव में। ये साफ है कि ये चुनाव नहीं जीत रही है, तो तथाकथित बड़े नामों पर ही दांव क्यों न लगाया जाए।"
2018 के चुनावों में, कांग्रेस ने BJP की 109 सीटों के मुकाबले 114 सीटें जीतीं और कांग्रेस ने कमल नाथ के नेतृत्व में सरकार बनाई। मार्च 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति वफादार विधायकों के विद्रोह के बाद ये गिर गई, जिससे शिवराज सिंह चौहान की मुख्यमंत्री के रूप में वापसी हुई।
विधायकों के बगावत के बाद पाला बदलने के कारण हुए उपचुनाव के बाद अब सदन में बीजेपी के पास 126 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 96 विधायक हैं।