Maharashtra Election: महाराष्ट्र में राष्ट्रीय समाज पार्टी अकेले लड़ेगी विधानसभा चुनाव, 'महायुति' से तोड़ा नाता

Maharashtra Vidhan Sabha Chunav: राष्ट्रीय समाज पार्टी (RSP) के मुखिया महादेव जानकर ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले NDA से हाथ मिलाया। महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ महायुति में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) शामिल है

अपडेटेड Oct 16, 2024 पर 6:05 PM
Story continues below Advertisement
Maharashtra Election 2024: लोकसभा चुनाव से पहले महादेव जानकर ने NDA से हाथ मिलाया (फाइल फोटो: ANI)

Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय समाज पार्टी (RSP) ने सत्तारूढ़ 'महायुति' गठबंधन से अपने संबंध तोड़ लिए हैं। आरएसपी प्रमुख महादेव जानकर ने बुधवार (16 अक्टूबर) को आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने की घोषणा की। महादेव जानकर मराठवाड़ा क्षेत्र की परभणी लोकसभा सीट से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली 'महायुति' के उम्मीदवार थे। जानकर ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए से हाथ मिलाया था। बता दें कि 'महायुत‍ि' में सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान चल ही रही है। इसी बीच RSP नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री महादेव जानकर ने ऐलान कर दिया कि वह अकेले चुनाव लड़ेंगे।

धनगर समुदाय से आने वाले जानकर ने 2003 में आरएसपी की स्थापना की थी। 2009 में माधा सीट से उन्होंने चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। फिर 2014 में उन्होंने बारामती लोकसभा चुनाव में सुप्रिया सुले का सामना किया, लेकिन वहां भी हार गए। हालांकि, इसके बावजूद उन्हें देवेंद्र फडणवीस सरकार के दौरान एमएलसी बनाया गया और बाद में पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन विभाग का मंत्री नियुक्त किया गया।

288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुनाव 20 नवंबर को एक ही चरण में होंगे, जबकि वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि बुधवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हमारी पार्टी में ज्यादातर सीटें तय हो चुकी हैं। अभी बहुत कुछ बचा नहीं है। हमारे पास अपनी सीटें हैं, एकनाथ जी के पास अपनी सीटें हैं और अजित दादा के पास अपनी सीटें हैं। सबसे पहले, हमें उन सीटों पर फैसला लेना होगा। बाद में हमें बाकी सीटों पर फैसला लेना होगा।


अठावले ने मांगी 10 सीटें

इस बीच रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के अध्यक्ष डॉ. रामदास अठावले ने महायुति से 21 सीटों की मांग की है। उन्होंने कहा, "मैंने चंद्रशेखर बावनकुले और देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर 21 सीटों की मांग की है। हमें 8-10 सीटें मिलनी चाहिए। देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि वे रिपब्लिकन पार्टी को कुछ सीटें देंगे। हमने मांग की है कि सरकार बनने पर हमें भी मंत्री पद मिलना चाहिए। हम महायुति के साथ रहेंगे। महा विकास अघाड़ी चाहे जितनी कोशिश कर ले, महाराष्ट्र में महायुति मजबूत है।"

निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, महाराष्ट्र में 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी तथा नामांकन की आखिरी तिथि 29 अक्टूबर होगी। कुमार ने बताया कि नामांकन पत्र चार नवंबर, 2024 तक वापस लिए जा सकते हैं।

महाराष्ट्र में कुल 9.63 करोड़ मतदाता हैं। राज्य में कुल 1,00186 मतदान केंद्र होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि राजनीतिक दलों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग का काम है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं से समान अवसर की स्थिति प्रभावित होने की बात आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Maharashtra Chunav 2024 Dates: महाराष्ट्र में बजा चुनावी बिगुल! एक ही चरण में होंगे चुनाव, जानें मतदान और मतगणना की तारीख समेत सभी डिटेल्स

विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (MVA) है। इसमें उद्धव बालासाहेब ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT), कांग्रेस तथा वरिष्ठ नेता शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) शामिल है। साल 2019 के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति बिल्कुल बदल गई है।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Oct 16, 2024 5:56 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।