Get App

राजस्थान विधानसभा में भारी हंगामा और हाथापाई! फूट-फूट कर रोने लगे बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा

Rajendra Gudha: सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए गुढ़ा फूट-फूट कर रोने लगे। उन्होंने कहा कि सदन में उन्हें बोलने नहीं दिया गया। कांग्रेसी मंत्रियों-विधायकों ने मारपीट की। मुझे धक्का दिया और घसीटकर सदन से बाहर निकाल दिया है। गुढ़ा ने कहा कि मैंने माफी मांगने के बजाय संघर्ष करने का रास्ता चुना है। मुझे किस बात के लिए माफी मांगनी चाहिए? मैंने महिला सुरक्षा के लिए आवाज उठाई है

Akhileshअपडेटेड Jul 24, 2023 पर 4:13 PM
राजस्थान विधानसभा में भारी हंगामा और हाथापाई! फूट-फूट कर रोने लगे बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा
Rajendra Gudha: सदन से बाहर राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने कहा कि वह अपनी 'लाल डायरी' सदन में पेश करना चाहता थे लेकिन स्पीकर ने इसकी अनुमति नहीं दी

अपनी ही सरकार की आलोचना करने के बाद मंत्री पद से बर्खास्त किए गए कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह गुढ़ा (Rajendra Singh Gudha) को सत्र के दौरान हंगामा करने के बाद सोमवार को राजस्थान विधानसभा से बाहर निकाल दिया गया। शून्यकाल के दौरान गुढ़ा ने बीजेपी विधायकों के साथ मिलकर सदन में जमकर हंगामा किया। शून्यकाल शुरू होते ही मंत्री पद से बर्खास्त किए गए विधायक राजेंद्र गुढ़ा लाल रंग की एक 'डायरी' लेकर विधानसभा स्पीकर डॉ सीपी जोशी के सामने पहुंच गए। उन्होंने वह डायरी स्पीकर को देना चाहा, लेकिन जोशी ने उन्हें अनुमति नहीं दी। जोशी ने गुढ़ा से उनके कक्ष में आने को कहा। गुढ़ा और जोशी में काफी दर गर्मागर्म बहस होती रही।

इसके बाद गुढ़ा संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल की ओर बढ़े तथा दोनों में कुछ बहस हुई। इसके बाद स्पीकर ने मार्शलों को आदेश देकर गुढ़ा को सदन से बाहर करवा दिया। सत्ता पक्ष के सदस्यों ने वहां जाकर गुढ़ा को दूर किया। इस दौरान मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। हंगामे के चलते जोशी ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी।

'लाल डायरी' को नहीं मिली पेश करने की इजाजत

बाद में सदन से बाहर गुढ़ा ने कहा कि वह अपनी 'लाल डायरी' सदन में पेश करना चाहता थे, लेकिन स्पीकर ने इसकी अनुमति नहीं दी। गुढ़ा ने कहा कि अध्यक्ष ने मुझे बोलने की इजाजत नहीं। संसदीय कार्य मंत्री धारीवाल ने बोलना शुरू किया। मैंने धारीवाल से कहा कि मैं बोलना चाहता हूं, मुझे बर्खास्त किया गया है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें