एग्जाम की तैयारी कराने वाली कंपनी एलन करियर इंस्टीट्यूट (Allen Career Institute) ने AI (आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस) बेस्ड डाउट सॉल्विंग प्लेटफॉर्म डाउटनट (Doubtnut) का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। न्यूज एजेंसी PTI की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि सोर्सेज के मुताबिक, एलन ने डाउटनट को एक करोड़ अमेरिकी डॉलर यानी करीब 83 करोड़ रुपये में खरीदा है। एलन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि भविष्य के वर्ल्ड क्लास डाउट क्लियरिंग प्लेटफॉर्म को तैयार करने के लिए डाउटनट की टीम, एलन के साथ आएगी। यह रणनीतिक कदम छात्रों के सीखने की क्षमताओं को निखारने के लिए टेक्नोलॉजी बेस्ड लर्निंग सॉल्यूशंस तैयार करने की एलन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बयान में कहा गया है कि अधिग्रहण के बाद भी डाउटनट की टीम, एलन और डाउटनट के छात्रों के डाउट क्लियर करने पर फोकस करती रहेगी। एलन के सीईओ नितिन कुकरेजा का कहना है कि डाउटनट का प्लेटफॉर्म, एलन को अपने छात्रों के लिए सीखने के अनुभव को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
डाउटनट की कई डिजिटल ऐप, वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के जरिए हर महीने 3.2 करोड़ छात्रों तक पहुंच है। डाउटनट के को-फाउंडर आदित्य शंकर के मुताबिक, ‘डाउटनट का मकसद टेक्नोलॉजी और उच्च गुणवत्ता वाले कंटेंट का इस्तेमाल करके पूरे भारत में हर एक छात्र तक शिक्षा की पहुंच कायम करना है।’
बयान में कहा गया है कि एलन, डाउटनट के स्टूडेंट बेस पर अपना कुरीकुलम और एकेडमिक ऑफरिंग्स ऐड करेगी और स्टूडेंट्स की जरूरतों को पूरा करेगी। डाउटनट को पति-पत्नी आदित्य शंकर और तनुश्री नागौरी ने जुलाई 2016 में Class21A Technologies Pvt Ltd के तहत शुरू किया था। जनवरी 2017 तक इसका ऐप लॉन्च कर दिया गया। डाउटनट AI टेक्नोलॉजी की मदद से स्टूडेंट्स की क्वेरी को हल करता है।