Amazon पर 340 करोड़ रुपये का जुर्माना, ट्रेडमार्क उल्लंघन पर दिल्ली HC ने की कार्रवाई

Amazon India Fined 340 Crore: दिल्ली हाई कोर्ट ने 'बेवर्ली हिल्स पोलो क्लब (Beverly Hills Polo Club)' के ट्रेडमार्क का उल्लंघन करने के लिए एमेजॉन इंडिया पर 340 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। ई-कॉमर्स दिग्गज पर ब्रांडिंग वाले कपड़ों को काफी कम कीमत पर बेचने का आरोप लगा है

अपडेटेड Feb 27, 2025 पर 10:51 PM
Story continues below Advertisement
Amazon India Fined 340 Crore: एमेजॉन के अपने ब्रांड 'एमेजॉन टेक्नोलॉजीज' पर ट्रेडमार्क लोगो के उल्लंघन का आरोप है

Amazon India Fined 340 Crore: दिल्ली हाई कोर्ट ने एमेजॉन इंडिया को लक्जरी कपड़ों के ब्रांड बेवर्ली हिल्स पोलो क्लब (Beverly Hills Polo Club) को उसके ट्रेडमार्क लोगो का उल्लंघन करने के लिए करीब 340 करोड़ रुपये का हर्जाना देने का आदेश दिया है। हाई कोर्ट में दायर एक मुकदमे में कहा गया था कि एमेजॉन के अपने ब्रांड 'एमेजॉन टेक्नोलॉजीज' ने उसके ट्रेडमार्क लोगो का उल्लंघन किया है। इसमें यह भी आरोप लगाया गया था कि ई-कॉमर्स दिग्गज ने अपनी वेबसाइट पर ब्रांडिंग वाले कपड़ों को बहुत कम कीमत पर बेचा है।

ई-कॉमर्स कंपनी पर बेचे जाने वाले उत्पादों पर भ्रामक रूप से समान डिजाइन का उपयोग करके उसके रजिस्टर्ड 'बेवर्ली हिल्स पोलो क्लब' लोगो का उल्लंघन करने का आरोप लगा है। जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह ने कहा कि एमेजॉन ने "जानबूझकर भ्रम फैलाने की रणनीति अपनाई है। एक मध्यस्थ के रूप में अलग-अलग भूमिकाएं निभाने का दिखावा किया है। एक खुदरा विक्रेता के रूप में और एक ब्रांड के मालिक के रूप में यह सब जिम्मेदारी को बदलने एवं ट्रेडमार्क उल्लंघन के लिए बचने के प्रयास में किया गया है।"

NDTV के मुताबिक अदालत ने "परमानेंट इंजंक्शन" जारी करते हुए कहा कि एमेजॉन "BHPC (Beverly Hill Polo Club) मार्क और लोगो" में वादी के विशेष अधिकारों से अच्छी तरह वाकिफ है, क्योंकि यह ब्रिटेन सहित कई न्यायालयों में मुकदमेबाजी में शामिल रहा है। एमेजॉन टेक्नोलॉजीज ने लग्जरी ब्रांड द्वारा बेचे जाने वाले उत्पादों की कीमत का 10 फीसदी रेट रखा था।


BHPC ने अपनी दलील में कहा कि मार्क और लोगो का उपयोग उसके ब्रांड की एक अलग पहचान के रूप में काम करता है। पोलो लग्जरी और प्रीमियम लाइफस्टाइल उत्पादों के खेल के साथ उसके जुड़ाव का प्रतीक है।

ये भी पढ़ें- Bihar Election 2025: क्या बिहार में इस बार BJP का होगा मुख्यमंत्री? चुनाव से पहले सर्वे ने बढ़ाई नीतीश कुमार की टेंशन

इसमें यह भी कहा गया है कि यह मार्क भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, UAE, जर्मनी, नेपाल, मैक्सिको आदि सहित कम से कम 91 देशों में रजिस्टर्ड है। ट्रेडमार्क वाले BHPC उत्पादों को भारत में 2002 में लॉन्च किया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।