रिलायंस इंडस्ट्री के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने ₹1,350 करोड़ में खरीदा दुबई का सबसे महंगा घर

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने दुबई में सबसे महंगा आवासीय घर खरीदने का अपना ही रिकॉर्ड पिछले कुछ महीनों के अंदर तोड़ दिया है

अपडेटेड Oct 19, 2022 पर 7:16 PM
मुकेश अंबानी ने यह प्रॉप्रटी एक कुवैती बिजनेसमैन के परिवार से खरीदी है

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने दुबई में एक और समदंर किनारे विला खरीदा है। इसके साथ ही उन्होंने दुबई का सबसे महंगा आवासीय घर खरीदने का अपना ही रिकॉर्ड पिछले कुछ महीनों के अंदर तोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी ने पिछले हफ्ते करीब 16.3 करोड़ डॉलर (करीब 1,350 करोड़ रुपये) की लागत में 'पाम जुमैरा' नाम के इस विला को खरीदा है। उन्होंने यह प्रॉप्रटी एक कुवैती बिजनेसमैन मोहम्मद अलशाया से खरीदी है। अलाशाया के बिजनेस ग्रुप के पास स्टारबक्स, H&M और विक्टोरिया सीक्रेट जैसे कई इंटरनेशनल ब्रांड्स की घरेलू फ्रेंचाइजी है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन ने हाल में विदेशों में कई प्रॉपर्टी खरीदी हैं। रिलायंस ने पिछले साल इंग्लैंड की ऐतिहासिक कंट्री क्लब स्टोक पार्क को खरीदने के लिए 7.9 करोड़ डॉलर खर्च किए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके अलावा मुकेश अंबानी न्यूयॉर्क में भी एक प्रॉपर्टी की तलाश कर रहे हैं।


यह भी पढ़ें- India's Biggest Mall: 3 हजार करोड़ में अहमदाबाद में बनेगा देश का सबसे बड़ा मॉल, Lulu Group का ये प्लान

अंबानी ने इस साल की शुरुआत में भी दुबई में 8 करोड़ डॉलर की लागत से एक प्रॉपर्टी खरीदी थी। उस वक्त वह दुबई में खरीदा गया अब तक का सबसे मंहगा विला था। हालांकि इसके कुछ समय बाद दुबई के पाम आईलैंड में एक और घर 8.24 करोड़ में बिका, जिसने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। हालांकि हालिया खरीदारी के बाद अब यह एक रिकॉर्ड एक बार फिर से मुकेश अंबानी के नाम आ गया है।

दुबई के लैंड डिपार्टमेंट ने इस हफ्ते की शुरुआत में 16.3 करोड़ डॉलर में पाम जुमैरा की बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड को दर्ज किया था। हालांकि इसमें खरीदार के नाम का खुलासा नहीं किया था। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इस खबर पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं अलशाया ने ब्लूमबर्ग के अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।