हर साल केंद्रीय बजट फरवरी के पहले दिन संसद में देश के वित्त मंत्री द्वारा पेश किया जाता है। इस बार भी बजट 1 फरवरी 2022 को सुबह करीब 11 बजे पेश किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के अपने दूसरे कार्यकाल में यह चौथा बजट होगा।
केंद्रीय बजट 2022-23 के लिए मंच तैयार है क्योंकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 15 दिसंबर से विभिन्न हितधारकों, इंडस्ट्री और इकोनॉमिस्ट के साथ विचार विमर्श शुरू कर दिया है। इस बारे में वित्त मंत्रालय ने 14 दिसंबर को ट्वीट किया था।
बजट सालाना फाइनेंशियल स्टेटमेंट के रूप में जाना जाता है। एक बजट संविधान के अनुच्छेद 112 के अनुसार, उस विशेष वर्ष के लिए सरकार की अनुमानित प्राप्तियों और व्यय की जानकारी है। बजट 1 अप्रैल से 31 मार्च तक चलने वाले वित्तीय वर्ष के लिए है।
2022-23 का बजट कौन पेश करेगा?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट 2022-23 पेश करेंगी। इससे पहले 2016 तक बजट फरवरी के आखिरी वर्किंग डे पर पेश किया जाता था, जिसे पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बदल दिया था।
बजट को राजस्व बजट और पूंजीगत बजट दो हिस्सों में गया है। राजस्व बजट में राजस्व प्राप्तियां और व्यय शामिल होते हैं। राजस्व प्राप्तियां (Revenue Receipts) दो प्रकार की होती हैं – टैक्स और नॉन टैक्स रेवेन्यू। सरकार के दिन-प्रतिदिन के कामकाज और नागरिकों को दी जाने वाली अलग-अलग सेवाओं पर किय गया खर्च राजस्व व्यय कहलाता है। पूंजी बजट (Capital Budget) में सरकार की पूंजी प्राप्तियां और पेमेंट शामिल होते हैं जैसे कि जनता से लिया गया लोन यानी जैसे बॉन्ड, विदेशी सरकारों से लोन और आरबीआई सरकार की पूंजीगत प्राप्तियों का एक प्रमुख हिस्सा है। पूंजीगत खर्च मशीनरी, उपकरण, भवन, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा आदि के विकास पर किया जाने वाला खर्च है।