Union Budget 2023-2024: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (FM Nirmala Sitharaman) ने बुधवार को कहा कि सरकार ने पीएम-किसान योजना (PM-KISAN Scheme) के तहत 2.2 लाख करोड़ रुपये का नकद ट्रांसफर किया है। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी की अगुवाई वाली NDA सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम पूर्ण बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार का मिशन ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है।
वित्त मंत्री ने आगे कहा कि डिजिटल भुगतान में महत्वपूर्ण वृद्धि के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था अधिक संगठित हो गई है। कृषि क्षेत्र में संस्थागत ऋण वित्त वर्ष 2021-22 में बढ़कर 18.6 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो 2020-21 में 15.8 लाख करोड़ रुपये था।
उन्होंने कहा कि पीएम-किसान, पीएम-फसल बीमा योजना और कृषि अवसंरचना कोष बनाने जैसी पहल ने इस क्षेत्र की मदद की है। वित्त मंत्री ने कहा कि इसके साथ ही सामाजिक-आर्थिक विकास में डिजिटल बुनियादी ढांचे की भूमिका बढ़ी है और भारत ने खुद को ज्ञान केंद्र के रूप में मजबूती से स्थापित किया है।
निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2023-24 का केंद्रीय बजट संसद में पेश किया। वित्तमंत्री ने बजट 2023-24 पेश करते हुए कई बड़े ऐलान किए। बजट में वित्त मंत्री ने महिलाओं, किसानों, गरीबों और सफाईकर्मियों के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं।
निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट पेश करते हुए एलान किया कि अब सरकार स्वच्छता अभियान को एडवांस करेगी। इससे सीवेज की सफाई मशीनों से होगी, जो अब तक खुद सफाईकर्मी मैनहोल में जाकर करते थे। वित्त मंत्री ने मैला ढोने की प्रथा को समाप्त करने के इरादे से यह घोषणा की।
वित्त मंत्री के नए ऐलान के बाद अब सफाईकर्मियों को मैनहोल में न जाकर अब मशीन इस काम को करेगी यानी अब ये मशीन आधारित होगा। इसमें हाई टेक्नोलॉजी से लैस मशीनों का इस्तेमाल सीवेज के होल को साफ करने के लिए किया जाएगा। ऐसी टेक्नोलॉजी कई देशों में अपनाई जाती है।
जिस तरह से सफाईकर्मियों को दिक्कतें और उनकी जान जाने जैसे केस सामने आते थे, वो हर किसी के लिए चिंता का विषय थे। ऐसे में मशीनीकरण से ये काम बेहद आसन हो सकता है। ऐसे में माना जा रहा है इसका भविष्य सुगम हो सकता है।
पिछले साल दिसंबर में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने संसद को सूचित किया था कि 2017 से अब तक सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले साल की तरह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज भी केंद्रीय बजट 2023-2024 को पेपरलेस फॉर्मेट में पेश किया।