Union Budget 2023: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) कल यानी एक फरवरी को लोकसभा में वित्त वर्ष 2023-24 के लिए बजट (Union Budget 2023-2024) पेश करेंगी। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस बजट से हर किसी को कुछ न कुछ मिलने की उम्मीदें हैं। भारतीय रेलवे (Indian Railways) को भी इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, यात्रियों की सेफ्टी, मेक इंडिया हाई स्पीड ट्रेन और बुलेट ट्रेन सहित अन्य अधूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने पर जोर रहेगा। सूत्रों की मानें तो इस बार के बजट में मोदी सरकार का पूरा जोर बुलेट ट्रेन, रेलवे से जुड़े पेंडिंग प्रोजेक्ट, सेफ्टी और हाई स्पीड ट्रेनों को जल्द से जल्द पटरी पर लाने पर रहेगा।
रिपोर्ट की मानें तो रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने के लिए रेल बजट (Railway Budget 2023) में 20-25 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। रेल मंत्रालय (Ministry of Railways) के सूत्रों के अनुसार, 2023-24 में इस सेक्टर के लिए लगभग 1.8 लाख करोड़ रुपये के आवंटन की संभावना है, जो 2022-23 में 1.4 लाख करोड़ रुपये था। पिछले दिनों वंदे भारत एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के छोटे-मोटे हादसों को देखते हुए रेलवे बजट में सेफ्टी पर जोर दिया जा सकता है। ताकी नई-नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर हादसों की संभावना को कम किया जा सके।
रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस बार रेल बजट (Railway Budget 2023) में नई पटरियां बिछाने, सेमी-हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या में इजाफा, हाइड्रोजन से चलने वाली नई ट्रेनों की शुरूआत के साथ-साथ अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के लिए अधिक धन आवंटन किया जाएगा।
भारतीय रेलवे का उद्देश्य सभी एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों के पारंपरिक कोचों को मेड इन इंडिया और जर्मन-विकसित एलएचबी कोचों से बदलने के अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार की अनुमति लेना है। इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर पर पूरा फोकस किए जाने की पूरी संभावना है।
विजन 2024 प्रोजक्ट्स के तहत नए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और हाई स्पीड पैसेंजर कॉरिडोर को चालू करने के अलावा, भीड़भाड़ वाले रूट्स के मल्टीट्रैकिंग और सिग्नलिंग अपग्रेडेशन का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इंडियन रेलवे द्वारा 1,000 से अधिक स्टेशनों के इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से पुनर्विकास करने का लक्ष्य है।