सीबीआई (CBI) ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की पूर्व सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर चित्रा रामकृष्ण (Chitra Ramkrishna) और पूर्व ग्रुप ऑपरेटिंग ऑफिसर (GOO) आनंद सुब्रमण्यम (Anand Subramanian) के खिलाफ को-लोकेशन घोटाले के मामले में चार्जशीट दायर किया।

सीबीआई (CBI) ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की पूर्व सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर चित्रा रामकृष्ण (Chitra Ramkrishna) और पूर्व ग्रुप ऑपरेटिंग ऑफिसर (GOO) आनंद सुब्रमण्यम (Anand Subramanian) के खिलाफ को-लोकेशन घोटाले के मामले में चार्जशीट दायर किया।
सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में आरोप लगाया है कि रामकृष्ण ने कथित तौर पर कई अहम फैसलों को लेने में अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया। इसके अलावा भी चार्जशीट में उनपर कई आरोप लगाए गए हैं। को-लोकेशन घोटाले का मामला एक्सचेंजों के कंप्यूटर सर्वर से सूचनाओं का गलत तरीक से शेयर ब्रोकर्स तक पहुंचाने से जुड़ा है। सीबीआई इस मामले का जांच कर रही है।
रामकृष्ण और सुब्रमण्यम दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। चित्रा रामकृष्ण को सीबीआई ने जहां 6 मार्च, वहीं सुब्रमण्यम को 25 फरवरी को गिरफ्तार किया था।
SEBI ने 11 फरवरी को रामकृष्ण पर आरोप लगाया था कि उन्होंने नियमों की अनदेखी कर सुब्रमण्यम को पहले चीफ स्ट्रैटजिस्ट एडवाइजर्स पद पर नियुक्त किया और फिर बाद में उन्हें प्रमोशन देकर ग्रुप ऑपरेटिंग ऑफिसर बना दिया। रामकृष्ण ने तब सेबी के सामने जवाब में कहा था कि उन्होंने ‘हिमालय में रहने वाले एक अज्ञात योगी’ के कहने पर सुब्रमण्यम को नियुक्त किया था और वह योगी उन्हें NSE से जुड़े दूसरे फैसलों को लेने में भी मदद करता था। इसके बाद यह मामला काफी सुर्खियों में आया था।
सीबीआई ने SEBI की ‘को-लोकेशन’ मामले में रिपोर्ट आने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया। सीबीआई का दावा है कि ‘रहस्यमयी योगी’ कोई और नहीं बल्कि सुब्रमण्यम है और रामकृष्ण के फैसलों से कथित रूप से उसे लाभ हुआ।
NSE के पूर्व चीफ को दो करोड़ रुपये वसूली का नोटिस
इससे पहले सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) ने दिन में NSE के पूर्व चीफ रवि नारायण को नोटिस भेजकर 2.06 करोड़ रुपये चुकाने को कहा है। SEBI ने कामकाज में चूक से संबंधित मामले में यह नोटिस भेजा गया। नोटिस में नारायण को चेतावनी दी गई कि 15 दिनों के भीतर भुगतान करने में विफल रहने पर उनके खिलाफ गिरफ्तारी के साथ ही संपत्ति और बैंक खातों को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
रवि नारायण 1994 से 2013 तक एनएसई के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ थे। उनके बाद चित्रा रामकृष्ण अप्रैल 2016 से दिसंबर 2016 तक एनएसई की मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ रहीं।
SEBI ने सबसे पहले 11 फरवरी को नारायण पर एनएसई में हुई एक नियुक्ति में चूक के कारण दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। हालांकि नारायण इस जुर्माने को चुकाने में विफल रहे थे, जिसके बाद यह नोटिस जारी किया गया। SEBI ने इसी मामले में नारायण के बाद एनएसई चीफ बनीं चित्रा रामकृष्ण पर भी 3 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।