ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट (Flipkart) अपने सभी कर्मचारियों को इस साल 100 प्रतिशत बोनस दे रही है। साथ ही पात्र कर्मचारियों को मेरिट-लिंक्ड पेआउट्स और प्रमोट होने वाले कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा किया जा रहा है। फ्लिपकार्ट में लगभग 22,000 कर्मचारी हैं। फ्लिपकार्ट समूह के सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति ने कर्मचारियों को लिखे एक लेटर में कहा कि मैनेजमेंट टीम ने सभी कर्मचारियों (वाइस प्रेसिडेंट और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सहित) को 100 प्रतिशत बोनस देने का फैसला किया है।
यह बोनस कर्मचारियों के पैकेज और परफॉरमेंस के आधार पर अलग-अलग होता है। कृष्णमूर्ति का कहना है कि 2023 Flipkart के लिए एक मजबूत वर्ष रहा। कंपनी ने ग्राहकों के लिए कैटेगरी और प्रोडक्ट्स को बढ़ाया। साथ ही हर भारतीय उपभोक्ता को सशक्त बनाने की अपनी कोशिश में इनोवेशन को जारी रखा। 2024 में फ्लिपकार्ट, इकोसिस्टम पर और ज्यादा सकारात्मक प्रभाव डालने के इरादे से और भी अधिक उत्साह के साथ नए अवसरों की पहचान करने और उनका फायदा उठाने के लिए तैयार है।
कब मिलेंगे मेरिट-लिंक्ड पेआउट्स
उन्होंने आगे कहा कि कंपनी प्रमोट होने वाले कर्मचारियों के कंपंजेशन में वृद्धि कर रही है, पात्र कर्मचारियों को मेरिट लिंक्ड पेमेंट्स और सभी कर्मचारियों को बोनस का भुगतान कर रही है। मेरिट-लिंक्ड पेआउट्स अप्रैल और अक्टूबर में दिए जाएंगे। इसके अलावा पात्र कर्मचारियों के लिए कंपनी का स्टॉक ऑप्शन अलोकेशन भी वैसे ही जारी रहेगा, जैसे अभी चल रहा है।
हाल ही में हर्ष चौधरी ने Flipkart को किया है जॉइन
हाल ही में मीशो (Meesho) में मॉनेटाइजेशन के पूर्व CXO हर्ष चौधरी (Harsh Chaudhary) ने फ्लिपकार्ट को जॉइन किया है। चौधरी पिछले 2 साल से मीशो में थे। Flipkart में चौधरी वाइस प्रेसिडेंट, कस्टमर हैं। अपनी नई भूमिका में वह कस्टमर ग्रोथ का नेतृत्व करेंगे, जिसमें यूजर्स को फ्लिपकार्ट के साथ लाना और उन्हें बरकरार रखना शामिल है। लिंक्डइन के अनुसार, चौधरी फ्लिपकार्ट की वीडियो कॉमर्स यूनिट भी चलाएंगे।