Headcount Decrease in IT Companies: देश की टॉप 5 IT कंपनियों में से 4 में FY24 में घटे 70704 कर्मचारी, एक ने 1537 की देखी वृद्धि

देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS में वित्त वर्ष 2024 के दौरान कर्मचारियों की संख्या में 13,249 की कमी आई। वित्त वर्ष 2025 में TCS लगभग 40,000 फ्रेशर्स को हायर करेगी। Tech Mahindra वित्त वर्ष 2025 में 6000 फ्रेशर्स को हायर करने वाली है। भारत की आईटी सर्विसेज इंडस्ट्री, वैश्विक मैक्रोइकोनॉमिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक उतार-चढ़ाव के चलते दबाव महसूस कर रही है

अपडेटेड Apr 27, 2024 पर 4:38 PM
Story continues below Advertisement
इन 5 कंपनियों में केवल HCLTech ऐसी रही, जिसने मार्च 2024 तिमाही और पूरे वर्ष 2024 में नए कर्मचारियों को काम पर रखा।

अनिश्चित मांग के माहौल के बीच देश की 5 सबसे बड़ी आईटी सर्विसेज कंपनियों में से 4 में वित्त वर्ष 2024 में लगभग 70704 कर्मचारी कम हो गए। ये कंपनियां टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इंफोसिस, विप्रो और टेक महिंद्रा हैं। पिछले कम से कम 5 वित्त वर्षों में यह पहली बार होगा कि आईटी सर्विसेज कंपनियों ने पूरे साल में कर्मचारियों की संख्या में कमी दर्ज की है। इन 5 कंपनियों में केवल एचसीएलटेक ऐसी रही, जिसने मार्च 2024 तिमाही और पूरे वर्ष 2024 में नए कर्मचारियों को काम पर रखा।

TCS में कितने घटे कर्मचारी

देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS (Tata Consultancy Services) में वित्त वर्ष 2024 के दौरान कर्मचारियों की संख्या में 13,249 की कमी आई। बीते वित्त वर्ष के अंत में इसके कुल 601,546 कर्मचारी थे। TCS में 19 वर्षों में पहली बार कर्मचारियों की संख्या गिरी है। मार्च 2024 तिमाही में TCS के कर्मचारियों की संख्या में 1,759 की गिरावट आई। वित्त वर्ष 2025 में TCS लगभग 40,000 फ्रेशर्स को हायर करेगी।


Infosys में क्या हाल

देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस का कहना है कि मार्च 2024 के अंत में उसके कर्मचारियों की कुल संख्या 317,240 थी, जो पिछले साल की समान अवधि में 343,234 थी। इस तरह वित्त वर्ष 2024 के दौरान कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में 25,994 की कमी आई। इंफोसिस में 23 वर्षों में पहली बार कर्मचारियों की संख्या घटी है। मार्च 2024 तिमाही में इंफोसिस के कर्मचारियों की संख्या में 5,423 की गिरावट आई।

इंफोसिस के CFO जयेश संघराजका ने 18 अप्रैल को कंपनी के Q4 परिणामों के दौरान कहा था, 'जब हमने शुरुआत की थी, तो ट्रेनीज सहित हमारा यूटिलाइजेशन 77 प्रतिशत था। उस समय विकास का माहौल अलग था। हमारा यूटिलाइजेशन 82-83 प्रतिशत तक बढ़ गया है। हमारा एट्रिशन (कंपनी छोड़कर जाने की दर) भी काफी कम हो गया है। यही कर्मचारियों की संख्या में कमी का कारण है।'

Wipro में कितने घटे कर्मचारी

विप्रो ने 19 अप्रैल को मार्च तिमाही के वित्तीय नतीजों की घोषणा के दौरान कहा कि मार्च 2024 तक उसके कर्मचारियों की संख्या घटकर 2,34,054 रह गई, जो इससे एक साल पहले इसी महीने के अंत में 2,58,570 थी। इस तरह मार्च 2024 को खत्म हुए वित्त वर्ष के दौरान कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में 24,516 की कमी आई। मार्च 2024 तिमाही में विप्रो के कर्मचारियों की संख्या में 6,180 की कमी आई।

विप्रो के चीफ ह्यूमन रिसोर्सेज ऑफिसर सौरभ गोविल ने कहा कि कर्मचारियों की संख्या में कमी मुख्य रूप से बाजार और मांग की दशाओं के साथ-साथ परिचालन दक्षता के कारण आई। उन्होंने कहा कि लॉन्ग टर्म में जैसे-जैसे कंपनी अधिक IP-बेस्ड प्लेटफॉर्म और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) की ओर बढ़ेगी, कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि के मामले में अंतर आ सकता है। भारत की आईटी सर्विसेज इंडस्ट्री, वैश्विक मैक्रोइकोनॉमिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक उतार-चढ़ाव के चलते दबाव महसूस कर रही है।

Tech Mahindra में कितनी कमी

टेक महिंद्रा ने 25 अप्रैल को अपनी आय रिपोर्ट पेश करते हुए कहा था कि वित्त वर्ष 2024 के दौरान उसके कर्मचारियों की संख्या में 6945 की गिरावट देखी गई। वहीं मार्च 2024 तिमाही में टेक महिंद्रा के कर्मचारियों की संख्या में 795 की गिरावट देखी गई। कंपनी ने कहा है कि वह वित्त वर्ष 2025 में 6000 फ्रेशर्स को हायर करने वाली है।

HCLTech

इस रुख के उलट HCLTech ने वित्त वर्ष 2024 में लगभग 1,537 कर्मचारियों की शुद्ध वृद्धि देखी। वहीं 12,141 फ्रेशर्स को जोड़ा। HCLTech ने मार्च 2024 तिमाही के दौरान 2,725 कर्मचारियों को जोड़ा। तिमाही के दौरान कंपनी ने 3,096 फ्रेशर्स को हायर किया। मार्च 2024 तिमाही में कंपनी में 227,481 कर्मचारी थे। HCLTech का प्लान वित्त वर्ष 2025 में 10,000 से अधिक फ्रेशर्स को अपने साथ जोड़ने का है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।