एफएमसीजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी हिंदुस्तान यूनीलीवर (HUL) अब स्वास्थ्य और फिटनेस के सेग्मेंट में भी प्रवेश करेगी। कंपनी ने आज 8 दिसंबर को हेल्थ एंड वेलबीइंग कैटेगरी में प्रवेश का ऐलान किया है। इसके लिए यह OZiva (Zywie Ventures Private Limited) और Wellbeing Nutrition (Nutritionalab Private Limited) में निवेश करेगी। दोनों कंपनियों में एचयूएल 334.28 करोड़ रुपये निवेश करेगी और सौदा अगले एक से तीन महीने में पूरा होने की संभावना है। कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी गई जानकारी में कहा है कि भारत का 'Health & Wellness' मार्केट तेजी से बढ़ रहा है और अभी यह 30 हजार करोड़ रुपये का बाजार है।
OZiva में 51% हिस्सेदारी खरीदेगी HUL
एचयूएल OZiva (Zywie Ventures Private Limited) की 51 फीसदी हिस्सेदारी 264.28 करोड़ रुपये में खरीदेगी। शेयर बाजारों को भेजी गई जानकारी के मुताबिक शेष 49 फीसदी हिस्सेदारी एचयूएल 36 महीने के बाद खरीदेगी। हालांकि इसके लिए वैल्यूएशन का नियम पहले ही तय हो जाएगा। OZiva पौधों पर आधारित एक वेलनेस ब्रांड है जो लाइफस्टाइल प्रोटीन, महिलाओं के स्वास्थ्य और बाल के लिए और ब्यूटी सप्लीमेंट्स बेचती है। एचयूएल का कहना है कि OZiva की मौजूदा टीम को हटाया नहीं जाएगा और यह बोर्ड में शामिल होगी।
Wellbeing Nutrition में खरीदेगी 19.8% हिस्सेदारी
एचयूएल 70 करोड़ रुपये में Wellbeing Nutrition (Nutritionalab Private Limited) की 19.8 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। इसमें भी मौजूदा टीम को बनाए रखा जाएगा और एचयूएल बोर्ड में शामिल होगी। वेलबीइंग न्यूट्रिशन वैज्ञानिक तरीके से तैयार किए हुए क्लीन प्रोडक्ट्स की बिक्री करती है।