वित्त वर्ष 2023-24 की जुलाई-सितंबर तिमाही (Q2) में भारतीय कंपनियों (India Inc) के रेवेन्यु में 8 से 10 प्रतिशत का उछाल दिखेगा। साथ ही प्रॉफिट मार्जिन भी बेहतर होने का अनुमान है। यह बात रेटिंग एजेंसी क्रिसिल (Crisil) की ओर से कही गई है। क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर तिमाही में बीती चार तिमाहियों में पहली बार रेवेन्यु में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इस तेजी में वाहन, कंस्ट्रक्शन एवं इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) सेवा क्षेत्रों की कंपनियों की अहम भूमिका रहने का अनुमान है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2023) में भारतीय कंपनियों की रेवेन्यु ग्रोथ सालाना आधार पर 7 प्रतिशत रही थी।
