Get App

IndiGo ने Airbus को दिया 500 विमानों का ऑर्डर, एविएशन हिस्ट्री में अब तक की सबसे बड़ी डील!

IndiGo ने अपने बयान में कहा कि यह एयरबस को किसी भी एयरलाइन की तरफ से दिया गया सबसे बड़ा विमानों का ऑर्डर है। हालांकि, इंडिगो ने इस सौदे के वित्तीय पहलुओं का ब्योरा नहीं दिया है। इस विमान खरीद समझौते पर 'पेरिस एयर शो 2023' के दौरान हस्ताक्षर किए गए

MoneyControl Newsअपडेटेड Jun 20, 2023 पर 9:17 AM
IndiGo ने Airbus को दिया 500 विमानों का ऑर्डर, एविएशन हिस्ट्री में अब तक की सबसे बड़ी डील!
भारतीय एयरलाइन कंपनी द्वारा एक साथ दिया जाने वाला ये सबसे बड़ा आर्डर है

किफायती सेवाएं देने वाली एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) ने 500 एयरबस A320 विमान खरीदने का ऐलान किया है। इंडिगो ने यूरोपीय विमान निर्माता कंपनी एयरबस को 500 एयरक्राफ्ट की आपूर्ति का पक्का ऑर्डर देने की सोमवार को घोषणा की। इंडिगो की ओर से डील की जानकारी देते हुए कहा गया है कि 500 एयरबस A320 विमानों का ऑर्डर दिया गया है। इंडिगो एयरलाइन ने इस ऑर्डर को लेकर बताया कि विमानों की डिलीवरी साल 2030 से 2035 के बीच होने की उम्मीद है। इंडिगो का यह 500 विमानों का ऑर्डर न केवल एयरलाइन का सबसे बड़ा ऑर्डर है, बल्कि एयरबस के साथ किसी भी एयरलाइन की ओर से की गई अब तक की एक लॉट में सबसे बड़ा एयरक्राफ्ट खरीदारी भी है।

इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि यह एयरबस को किसी भी एयरलाइन की तरफ से दिया गया सबसे बड़ा विमानों का ऑर्डर है। हालांकि, इंडिगो ने इस सौदे के वित्तीय पहलुओं का ब्योरा नहीं दिया है। इस विमान खरीद समझौते पर 'पेरिस एयर शो 2023' के दौरान हस्ताक्षर किए गए। पीटीआई के मुताबिक, इंडिगो ने बयान में कहा, "साल 2030 से लेकर 2035 की अवधि के लिए किए गए 500 विमानों के पक्के ऑर्डर के साथ ही एयरलाइन की ऑर्डरबुक में करीब 1,000 विमान शामिल हो चुके हैं जिनकी आपूर्ति अगले एक दशक में की जाएगी।"

इंडिगो ने पहले भी 480 विमान के ऑर्डर दिए थे जिनकी आपूर्ति होनी अभी बाकी है। फिलहाल उसके बेड़े में 300 से अधिक विमान हैं। इंडिगो के नए विमान ऑर्डर में A320NEO, A321NEO और A321XLR विमान शामिल हैं। साल की शुरुआत में टाटा समूह की एयरलाइन एयर इंडिया ने भी एयरबस और बोइंग को सम्मिलित रूप से 470 विमानों की आपूर्ति का ऑर्डर दिया था।

इंडिगो ने कहा कि वह एयरबस को ए320 सीरीज के 500 विमानों के ऑर्डर देकर अगले दशक के लिए अपना दीर्घकालिक भविष्य परिभाषित कर रही है। उसने कहा, "इससे इंडिगो को वर्ष 2030 से 2035 के दौरान मिलने वाले विमानों का एक स्थिर आधार तैयार होगा।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें