अमेरिकी कंपनी Berkshire Hathaway के वाइस चेयरमैन चार्ली मंगेर (Charlie Munger) की मृत्यु से पूरा निवेश जगत दुखी है। दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे के राइट हैंड कहे जाने वाले मंगेर 99 वर्ष की आयु में इस दुनिया से रुखसत हो गए हैं। दोनों का साथ 60 वर्षों से अधिक समय का रहा। दोनों ने मिलकर बर्कशायर हैथवे को खड़ा किया और अरबों डॉलर की कंपनी बनाया। मंगेर की मृत्यु की पुष्टि बर्कशायर हैथवे ने एक बयान जारी करके की है। इसके बाद बिजनेस वर्ल्ड की बड़ी-बड़ी हस्तियों की ओर से शोक व्यक्त किया गया है। चार्ली मंगेर के निधन पर वॉरेन बफे ने कहा, "चार्ली की प्रेरणा, बुद्धिमता और भागीदारी के बिना बर्कशायर हैथवे को उसकी वर्तमान स्थिति में नहीं पहुंचाया जा सकता था।"
मंगेर ने हमेशा बफे को कंपनी का चेहरा बनने दिया और खुद पीछे ही रहे। लेकिन बफे ने हमेशा बर्कशायर की कामयाबी में मंगेर के योगदान का उल्लेख किया और उन्हें पूरा-पूरा क्रेडिट दिया। वॉरेन बफे को मंगेर की सलाह पर पूरा भरोसा था और उसी के आधार पर वह कंपनियों में निवेश करते थे।
'आस-पास की दुनिया पर तेज नजर'
Apple CEO टिम कुक ने मंगेर को 'टाइटन ऑफ बिजनेस' बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी एक पोस्ट में कहा है कि मंगेर अपने आस-पास की दुनिया पर तेज नजर रखने वाले व्यक्ति थे। उन्होंने एक अमेरिकी संस्थान बनाने में मदद की और अपनी बुद्धिमत्ता और अंतर्दृष्टि के माध्यम से लीडर्स की एक पीढ़ी को प्रेरित किया। उन्हें निश्चित तौर पर याद किया जाएगा।
Tiny Capital के को-फाउंडर एंड्रयू विलकिन्सन ने लिखा, 'हमने 20वीं शताब्दी के एक महानतम निवेशक और बिजनेसमैन को खो दिया।'
Y Combinator के CEO गैरी टैन ने चार्ली मंगेर को कुछ इस तरह श्रृद्धांजलि दी...
जर्नलिस्ट, पॉडकास्टर और यूट्यूब होस्ट Julia La Roche ने लिखा..
1978 में बने बर्कशायर के वाइस प्रेसिडेंट
बफे और मंगेर की मुलाकात साल 1959 में ओमाहा में एक डिनर पार्टी में हुई। उस वक्त मंगेर दक्षिणी कैलिफोर्निया में लॉ की प्रैक्टिस कर रहे थे और बफे ओमाहा में एक इनवेस्टमेंट पार्टनरशिप चला रहे थे। इसके बाद वह लगातार संपर्क में रहे। 1960 और 70 के दशक के दौरान दोनों ने इनवेस्टमेंट आइडिया शेयर करने लगे और कभी-कभी समान कंपनियों में निवेश किया। इसके चलते बफे और मंगेर दोनों ही, ट्रेडिंग स्टैंप निर्माता ब्लू चिप स्टैंप कंपनी में दो सबसे बड़े शेयरधारक बन गए और इसके माध्यम से See's Candy, Buffalo News और Wesco का अधिग्रहण किया। मंगेर 1978 में बर्कशायर के वाइस प्रेसिडेंट और 1984 में वेस्को फाइनेंशियल के चेयरमैन व प्रेसिडेंट बने।