एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर कंपनी ओरेकल (Oracle) में हजारों नौकरियां जाने वाली हैं। कंपनी बड़े पैमाने पर AI डेटा सेंटर बढ़ाने की कोशिश कर रही है। इसके चलते उसे कैश की कमी का सामना करना पड़ रहा है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में मामले से जुड़े लोगों के हवाले से कहा गया है कि छंटनी का असर ओरेकल के सभी डिवीजंस पर पड़ेगा और इसे इसी महीने लागू किया जा सकता है। कुछ कटौती उन जॉब कैटेगरीज में होगी, जिनके AI की वजह से कम होने का कंपनी को अनुमान है। इससे पहले TD Cowen ने अंदेशा जताया था कि ओरेकल में 20,000 से 30,000 लोगों की नौकरी जा सकती है।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, प्लान की गई कटौती ओरेकल के आम जॉब कट से ज्यादा बड़े पैमाने पर होने की उम्मीद है। इस हफ्ते Oracle ने अंदरूनी तौर पर घोषणा की कि वह अपने क्लाउड डिवीजन में कई ओपन जॉब लिस्टिंग का रिव्यू करेगी। इससे इसकी हायरिंग प्रोसेस या तो धीमी हो जाएगी या रुक जाएगी। U.S. सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन को जमा की गई सालाना फाइलिंग के मुताबिक, 31 मई 2025 तक ओरेकल में लगभग 162,000 फुल-टाइम कर्मचारी थे।
पिछले साल OpenAI के साथ 300 अरब डॉलर की डील
Oracle ने पिछले साल OpenAI के साथ 300 अरब डॉलर की डील की थी। इस डील के चलते यह कंप्यूटिंग पावर किराए पर देने के बिजनेस में एक बड़ी कंपनी बनकर उभरी है। लेकिन इनवेस्टर्स इस बात को लेकर परेशान हैं कि कंपनी, OpenAI और दूसरे कस्टमर्स को सर्विस देने के लिए जरूरी डेटा सेंटर बढ़ाने के लिए फंड की व्यवस्था कहां से करेगी। कंपनी ने इस साल फरवरी में जानकारी दी थी कि वह अपने क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के लिए इस साल 45-50 अरब डॉलर जुटाएगी। इससे निवेशकों के बीच कंपनी के बढ़ते कर्ज के बोझ को लेकर चिंता बढ़ गई। पिछले साल ओरेकल के शेयर 15 प्रतिशत से ज्यादा गिरे थे।
सितंबर 2025 में निकाले थे 3000 कर्मचारी
सितंबर 2025 में ओरेकल ने भारत, अमेरिका, कनाडा और फिलीपींस में लगभग 3000 कर्मचारियों को निकाला था। कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को एक सेवरेंस पैकेज यानी मुआवजा दिया, जिसमें दो महीने का पूरी सैलरी, ग्रेच्युटी और बची हुई छुट्टियों का पेमेंट शामिल है।