Paytm पर लगा FEMA के उल्लंघन का आरोप, ED ने भेजा कारण बताओ नोटिस

Paytm ने कहा है कि लागू कानूनों और रेगुलेटरी प्रोसेस के अनुसार मामले को हल करने के लिए, कंपनी आवश्यक कानूनी सलाह ले रही है और उचित उपायों का मूल्यांकन कर रही है। नोटिस का उपभोक्ताओं और मर्चेंट को दी जाने वाली उसकी सर्विसेज पर कोई प्रभाव नहीं है

अपडेटेड Mar 01, 2025 पर 10:35 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Paytm को नोटिस 28 फरवरी, 2025 को शाम 7.27 बजे मिला है।

डिजिटल पेमेंट्स और फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी पेटीएम (Paytm) पर देश के फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के कथित रूप से उल्लंघन करने का आरोप लगा है। कंपनी को इन लेन-देन को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) से कारण बताओ नोटिस मिला है। पेटीएम ने शेयर बाजारों को बताया है कि यह नोटिस दो सहायक कंपनियों- लिटिल इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड और नियरबाय इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की खरीद में उल्लंघनों से जुड़ा है। पेटीएम ने दोनों कंपनियों का अधिग्रहण 2017 में किया था।

एक्सचेंज फाइलिंग में पेटीएम ने कहा कि कारण बताओ नोटिस 27 फरवरी, 2025 की तारीख का है और कंपनी को 28 फरवरी, 2025 को शाम 7.27 बजे भारत सरकार के प्रवर्तन निदेशालय से मिला है। यह कंपनी, कुछ डायरेक्टर्स और अधिकारियों की ओर से दो सहायक कंपनियों लिटिल इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड और नियरबाय इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की खरीद के संबंध में FEMA, 1999 के कुछ प्रावधानों के वर्ष 2015 से लेकर 2019 के बीच कथित उल्लंघन को लेकर है।

फाइलिंग में आगे कहा गया है कि कंपनी के खिलाफ आरोप लिटिल इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड और नियरबाय इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में निवेश के संबंध में FEMA नियमों के अनुपालन के बारे में हैं। कुछ कथित उल्लंघन उस अवधि से जुड़े हैं, जब ये दोनों कंपनियां पेटीएम की सहायक कंपनियां नहीं थीं।


Autodesk Layoffs: डिजाइन सॉफ्टवेयर मेकर ऑटोडेस्क में छंटनी, 1350 लोगों की जाएगी जॉब

मामले को हल करने के लिए Paytm ले रही आवश्यक कानूनी सलाह

पेटीएम ने कहा है कि लागू कानूनों और रेगुलेटरी प्रोसेस के अनुसार मामले को हल करने के लिए, कंपनी आवश्यक कानूनी सलाह ले रही है और उचित उपायों का मूल्यांकन कर रही है। यह भी कहा कि वह अपनी सभी बिजनेस प्रैक्टिसेज में पारदर्शिता, गवर्नेंस और अनुपालन के सिद्धांतों को कायम रखती है। इस मसले को लागू कानूनों के अनुसार हल करने पर फोकस किया जा रहा है। पेटीएम ने कहा कि नोटिस का उपभोक्ताओं और मर्चेंट को दी जाने वाली उसकी सर्विसेज पर कोई प्रभाव नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।