बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) की सहायक कंपनी नैनीताल बैंक (Nainital Bank) को प्रेमजी इन्वेस्ट (Premji Invest) खरीद सकती है। प्रेमजी इनवेस्ट, विप्रो के फाउंडर अजीम प्रेमजी (Azim Premji) का फैमिली ऑफिस है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, प्रेमजी इन्वेस्ट और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच नैनीताल बैंक में बहुमत हिस्सेदारी खरीदने के लिए आखिरी दौर की बातचीत चल रही है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रेमजी इन्वेस्ट ने ड्यू डिलीजेंस पूरा करने के बाद एक टर्म शीट पर हस्ताक्षर किए हैं। हालांकि, अंतिम फैसला लिया जाना अभी बाकी है। टर्म शीट एक तरह का गैर-बाध्यकारी समझौता है, जिसके जरिए किसी सौदे के नियमों और शर्तों की रुपरेखा तय की जाती है।
