Layoffs: सेल्सफोर्स छंटनी के ताजा राउंड के तहत लगभग 700 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने वाली है। इसके साथ ही कंपनी, साल 2024 में जॉब कट करने वाली कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो गई है। सेल्सफोर्स में छंटनी की खबर वॉलस्ट्रीट जर्नल ने मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से दी है। अभी तक यह सामने नहीं आया है कि भारत में इस छंटनी का असर होगा या नहीं। कंपनी के एंप्लॉयी मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और जयपुर में मौजूद हैं।
सेल्सफोर्स इंडिया की चेयरपर्सन और CEO अरुंधति भट्टाचार्य ने पिछले साल कहा था कि भारत में कंपनी की ग्रोथ डबल डिजिट में रही और अगले कुछ साल में उसकी परफॉर्मेंस और बेहतर होगी। साल 2024 की शुरुआत के साथ ही Amazon, Google, समेत कई टेक कंपनियां जॉब कट की घोषणा कर चुकी हैं। छंटनी पर नजर रखने वाली वेबसाइट Layoffs.fyi के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल कुछ हफ्तों में ही 63 टेक कंपनियों ने छंटनी की है। इसके तहत अब तक 10000 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जा चुका है।
हाल ही में खबर आई थी कि ई-कॉमर्स रिटेलर ईबे इंक (eBay Inc) में लगभग 1000 लोगों की नौकरी जाने वाली है। यह कंपनी की कुल वर्कफोर्स का लगभग 9 प्रतिशत है। ईबे के सीईओ जेमी इयानोन ने कर्मचारियों के साथ साझा किए गए एक लेटर में कहा कि हम अपनी रणनीति के खिलाफ प्रगति कर रहे हैं। हमारी कुल वर्कफोर्स और खर्च हमारे कारोबार की वृद्धि से आगे निकल गए हैं। इसे ठीक करने के लिए हम संगठनात्मक बदलाव कर रहे हैं।