सॉफ्टबैंक (Softbank) के चीफ मासायोशी सोन (Masayoshi Son) अगले हफ्ते भारत आ सकते हैं। इस मामले से वाकिफ लोगों ने ये जानकारी दी है। साल 2018 के बाद ये उनकी पहली भारत यात्रा होगी। सॉफ्टबैंक पोर्टफोलियो कंपनियों के पब्लिक और प्राइवेट फाउंडर्स, को दिल्ली की यात्रा के दौरान सोन के साथ बैठक के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है। सूत्रों ने कहा, “ये Covid-19 के बाद उनकी पहली विदेश यात्राओं में से एक होगी। वह Covid प्रोटोकॉल का पालन करेंगे और संभावना है कि बायो-बबल में रहेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि ये एक बहुत ही छोटी यात्रा होगी।” हालांकि, सॉफ्टबैंक ने इस मामले पर बयान देने से इनकार कर दिया।
जापान के इस टेक ग्रुप ने अब तक भारतीय कंपनियों में करीब 15 अरब डॉलर का निवेश किया है, जिसमें से 11 अरब डॉलर पिछले छह सालों में किया गया है। देश में इसके पोर्टफोलियो में 28 कंपनियां हैं, जिनमें Paytm, PolicyBazaar, Delhivery, Swiggy, Meesho, OYO, FirstCry, OfBusiness और Unacademy शामिल हैं।
दिलचस्प बात ये है कि सोन की भारत यात्रा 7 मार्च को OYO के फाउंडर रितेश अग्रवाल की शादी के रिसेप्शन के आसपास होगी। रिसेप्शन, दिल्ली के एक 5-स्टार होटल में किया जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि कॉर्पोरेट जगत के लोग इसमें शामिल होंगे। रितेश अग्रवाल ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया है।
एक दूसरे सूत्र ने कहा, "हो सकता है कि मासा 7 मार्च को OYO के फाउंडर रितेश अग्रवाल की शादी के रिसेप्शन में शामिल न हो पाए, लेकिन हो सकता है कि वह इस अवसर का फायदा उठाना चाहें और बाद में उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई देना चाहें।"
इस बीच, सॉफ्टबैंक ने इस साल भारत में कोई नया निवेश नहीं किया है, क्योंकि अभी तक तकनीकी फंडिंग रुकी हुई है। इसने एक साल पहले की तुलना में 2022 में देश में नए निवेश में 84% से ज्यादा की कटौती की, क्योंकि मैक्रोइकॉनॉमिक हेडविंड के चलते कंपनी निवेश करने को लेकर काफी सिलेक्टिव हो गई।