एक और स्टार्टअप मुसीबत में! Exampur ने सैलरी और पूर्व-कर्मचारियों का बकाया रोका, अधिग्रहण की डील भी टूटी

छात्रों का एग्जाम की तैयारी कराने वाले स्टार्टअप 'एग्जामपुर (Exampur)' ने कर्मचारियों को वेतन देना बंद कर दिया है। यहां तक कि उसने पूर्व कर्मचारियों के फुल एंड फाइनल पेमेंट का भुगतान भी महीनों से रोका हुआ है। इस मामले से वाकिफ सूत्रों ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी। करीब एक साल पहले 'अपग्रेड' ने इस फर्म को खरीदने का ऐलान किया, लेकिन बाद में यह डील टूट गई

अपडेटेड Dec 27, 2023 पर 9:06 AM
Story continues below Advertisement
एग्जामपुर के कर्मचारियों की संख्या 650 से घटकर करीब 200 पर आ गई है

छात्रों का एग्जाम की तैयारी कराने वाले स्टार्टअप 'एग्जामपुर (Exampur)' ने कर्मचारियों को वेतन देना बंद कर दिया है। यहां तक कि उसने पूर्व कर्मचारियों के फुल एंड फाइनल पेमेंट का भुगतान भी महीनों से रोका हुआ है। इस मामले से वाकिफ सूत्रों ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी है। करीब एक साल पहले 'अपग्रेड' ने इस फर्म को खरीदने का ऐलान किया, लेकिन बाद में यह डील टूट गई। कई सूत्रों के मुताबिक, कंपनी ने अपने अधिकतर कर्मचारियों को महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया है। उन्होंने कहा कि एग्जामपुर ने इस साल जाने वाले कई कर्मचारियों को फुल एंड फाइनल पेमेंट भी नहीं किया है।

एग्जामपुर के फाउंडर वरदान गांधी ने मनीकंट्रोल को बताया, "एक संभावित अधिग्रहण पर बातचीत चल रही थी, लेकिन यह हमारे काम नहीं आया। ऐसे में हमें अपने कारोबार को कम करना पड़ा क्योंकि हमारे पास पर्याप्त पैसे नहीं थे। हम अपने कारोबार को शायद 8 महीने पहले बंद कर सकते थे, जब कोई देनदारियां नहीं थीं। यह करना एक आसान काम था। लेकिन हम इसे जारी रखना चाहते थे इसलिए हमने अपनी निजी हिस्सेदारी बेच दी और अपना सामान गिरवी रख दिया... इस दौरान कुछ ऐसे महीने थे जब सैलरी में देरी हुई।"

अगस्त में एडटेक यूनिकॉर्न अपग्रेड ने एक अज्ञात राशि में एग्जामपुर के अधिग्रहण का ऐलान किया था। हालांकि, इसके बाद मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एग्जामपुर के वैल्यूएशन और बिजनेस अलाइनमेंट के कारण यह अधिग्रहण डील टूट गया। वरदान ने कहा कि अपग्रेड की अभी भी एग्जामपुर में हिस्सेदारी बनी हुई है। हालांकि उन्होंने शेयरहोल्डिंग पैटर्न का खुलासा नहीं किया।


यह भी पढें- Balaji Amines में 12% का उछाल, 19 दिन पहले एक्सचेंजों को दी थी सफाई

एग्जामपुर को साल 2018 में वरदान गांधी और विवेक कुमार ने मिलकर शुरू किया था। यह सरकारी नौकरियों के लिए 200 से अधिक एग्जाम कोर्स मुहैया कराता है। अधिकतर कोर्स को कंपनी के 24 से अधिक यूट्यूब चैनलों के जरिए वितरित किया जाता है, जिसमें 1 करोड़ से अधिक छात्रों का यूजर बेस है।

गांधी ने मनीकंट्रोल को बताया कि कंपनी ने 2023 में अपने चैनलों की संख्या घटाकर 9 कर दी है। उन्होंने कहा कि इसने लगभग 15 चैनलों को बंद कर दिया क्योंकि वे अभी भी घाटे में चल रहे थे और पैसे की कमी के कारण वह उन्हें जारी रखने का जोखिम नहीं उठा सकते थे।

उन्होंने कहा, 'इन नौ चैनलों में से हमें अपने रेवेन्यू का 97 प्रतिशत मिलता था। केवल उन चैनलों को बंद कर दिया गया है, जो हमें रेवेन्यू नहीं दे रहे थे, लेकिन हम उन्हें अगले दो से तीन सालों के लक्ष्य को ध्यान में रखकर बना रहे थे। हम सभी चैनलों को चलाना जारी रखना चाहते थे, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए, मुझे नहीं लगता कि अगर हम इसके साथ चलते रहते तो हमारे लिए जीवित रहना संभव होता।" एग्जामपुर के कर्मचारियों की संख्या जनवरी में करीब 650 थी, जो आज की तारीख में घटकर 200 के करीब हो गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।