एयर इंडिया (Air India) के दिल्ली से लंदन जा रहे एक विमान को उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही राजधानी वापस लौटना पड़ा। न्यूज एजेंसी ANI ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि यात्री एयर इंडिया के केबिन क्रू सदस्यों के साथ बीच हवा में लड़ने लगा। अधिकारियों ने बताया कि यात्री को उसके व्यवहार को लेकर कई बार चेतावनी दी गई लेकिन वो नहीं माने। रिपोर्ट के मुताबिक, यात्री ने केबिन क्रू के दो सदस्यों को शारीरिक चोट भी पहुंचाई। इस वजह से विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट लौटना पड़ा।
केबिन क्रू सदस्यों को शारीरिक चोट पहुंचाने के आरोप में यात्री को सोमवार सुबह दिल्ली में विमान से उतार दिया गया। लंदन के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद यात्री को उतारने के लिए फ्लाइट बीच रास्ते से राष्ट्रीय राजधानी लौट आया। एयरलाइन ने बताया कि फ्लाइट AI 111 दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी और यात्री को सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर दिया गया। साथ ही पुलिस में FIR दर्ज कराई गई है।
यात्री ने की दो सदस्यों को शारीरिक चोट पहुंचाने की कोशिश
एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि यात्री को मौखिक और लिखित रूप में चेतावनी दी गई थी। लेकिन उसने चेतावनी को अनसुना कर दिया और अमर्यादित व्यवहार करता रहा। उसने केबिन क्रू के दो सदस्यों को शारीरिक चोट पहुंचाने का भी प्रयास किया। फ्लाइट ने लंदन हीथ्रो के लिए उड़ान भरी थी जो यात्री के गंभीर अमर्यादित अशिष्ट व्यवहार के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट आया। कमान संभाल रहे पायलट ने दिल्ली एयरपोर्ट लौटने का फैसला किया। एयरलाइन ने कहा कि फ्लाइट के अब दोपहर में लंदन के लिए उड़ान भरने की संभावना है।
नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) में सूत्रों ने कहा कि विमान ने सुबह करीब 6 बजकर 35 मिनट पर राष्ट्रीय राजधानी से उड़ान भरी थी। तुरंत बाद ही आरोपी यात्री तथा चालक दल के दो सदस्यों के बीच विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि इसके बाद विमान दिल्ली की ओर वापस मुड़ा और सुबह करीब 9 बजकर 40 मिनट पर यहां उतरा। सूत्रों ने बताया कि विमान में करीब 225 यात्री सवार थे।
एयरलाइन ने कहा कि एअर इंडिया में सवार सभी लोगों के लिए सुरक्षा, रक्षा और उनका सम्मान हमारे लिए महत्वपूर्ण है। हम प्रभावित चालक दल के सदस्यों को हर संभव सहयोग कर रहे हैं। यात्रियों को हुई इस असुविधा के लिए हमें खेद है। बता दें कि हाल के समय में घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय विमानों में यात्रा के दौरान यात्रियों के दुर्व्यवहार की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।