Akshaya Tritiya 2022: आज 3 मई 2022 को सोने और चांदी खरीदने से जुड़ा त्योहार अक्षय तृतीया पूरे देश में मनाया जा रहा है। अक्षय तृतीया वैष्णव माह की शुक्ल पक्ष तृतीया को पूरे भारत में मनाया जाने वाला एक शुभ हिंदू त्योहार है। चांदी और सोना खरीदने का मुहूर्त 3 मई को सुबह 5:39 बजे शुरू होगा और 4 मई को सुबह 5:38 बजे खत्म होगा। क्या आपको पता है कि लोग सोना और चांदी खरीदकर अक्षय तृतीया क्यों मनाते हैं। आइए जानते हैं..
करते हैं नए काम की शुरूआत
यह दिन आमतौर पर कारोबारीऔर कारोबारी परिवार मनाते हैं। अक्सर लोग अक्षय तृतीया के दिन नया कारोबार शुरू करने या नई योजना शुरू करने का इंतजार करते हैं।
संस्कृत शब्द 'अक्षय' का अर्थ है 'हमेशा के लिए' और 'तृतीया' का अर्थ है 'तीसरा'। ऐसा माना जाता है कि अगर कोई अक्षय तृतीया पर कुछ खरीदता है, तो वह वस्तु हमेशा उसके पास रहती है, क्योंकि यह दिन सौभाग्य और धन का प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा कुछ लोगों का मानना है कि इस दिन सोना-चांदी खरीदने से उनके घर में देवी लक्ष्मी आती है।
एक किस्सा अक्षय तृतीया समारोह के बारे में बताता है। यह भारतीय महाकाव्य महाभारत से संबंधित है। पौराणिक कथाओं के अनुसार भगवान कृष्ण एक बार वनवास में पांडवों के पास अचानक गए थे। उस समय पांडवों की पत्नी द्रौपदी उन्हें अच्छा भोजन नहीं दे सकी थी जिससे वह शर्मिंदा महसूस कर रही थी। हालांकि, उनके आतिथ्य से प्रसन्न होकर, भगवान कृष्ण ने उन्हें अक्षय पात्र उपहार में दिया था। यह एक ऐसा बर्तन जो परिवार को हमेशा खाना देता रहता है और इसमें कभी भोजना समाप्त नहीं होता। इसलिए, लोगों का मानना है कि यदि कोई अक्षय तृतीया पर भी सोना खरीदता है तो उसे असीम भाग्य का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
भगवान कुबेर से जुड़ी मान्यता
एक अन्य पौराणिक किस्सा बताता है कि धन के देवता भगवान कुबेर को भगवान शिव और भगवान ब्रह्मा ने अक्षय तृतीया पर स्वर्ग के धन के संरक्षक बनने का आशीर्वाद दिया था। यही कारण है कि अक्षय तृतीया पर भगवान कुबेर की पूजा और सोना खरीदना परिवारों के लिए सौभाग्य लाने वाला माना जाता है।